विदेश भागने की फिराक में था आरोपी सफान खान, 2 आरोपी फरार
रायपुर- राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित मरीन ड्राइव के एप्पल स्टोर (आई नेक्स्ट इनोवेशन प्रा.लि.) से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के 173 नग आईफोन, वॉच, हेडफोन और एयरपॉड चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय कंजर गिरोह के दो सदस्यों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो आरोपी फरार है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मध्य प्रदेश के बड़वानी (जुलवानिया) से 125 नग आईफोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये आंकी गई है.
पुलिस के अनुसार 1 नवंबर 2026 को प्रार्थी ऋषभ डागा ने थाना तेलीबांधा में अपराध की सूचना दर्ज कराया कि 31 अक्टूबर 26 व 1 नवंबर 2026 के दरम्यानी रात्रि मरीन ड्राईव स्थित उसके आई नैक्सट इनोवेशन प्रा.लि. एप्प्ल स्टोर में किसी अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दुकान का शटर उठाकर 02 करोड़ कीमत के 173 नग एप्पल आईफोन, एप्पल वॉच, हैडफोन एवं एयरपॉड चोरी कर ले गया है, साथ ही दुकान के भीतर लगा सी.सी.टी.व्ही. कैमरों का डी.व्ही.आर. भी ले गया है. जिस पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 487/26 धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई.
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला ने अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम काम्बले के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त (क्राईम एण्ड साईबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल तथा पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) रॉबिन्सन गुरिया को घटना के प्रत्येक पहलू का अध्ययन करते हुए एक कार्ययोजना तैयार कर ए.सी.सी.यू. एवं थाना तेलीबांधा की टीमों को अपने सतत् पर्यवेक्षण में अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करने हेतु निर्देशित किया गया.
तत्काल 40 से अधिक सदस्यों की 06 विशेष टीमों का गठन
घटना में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तत्काल 40 से अधिक सदस्यों की 06 विशेष टीमों का गठन कर पहली टीम को घटना स्थल पर ही कैम्प कर आस-पास सी.सी.टी.व्ही. फुटेजेस एवं आसूचना संकलन हेतु पाबंद किया गया, द्वितीय टीम को रेलवे स्टेशन और बस स्टैण्ड पर तैनात कर पिछले 24 घंटे के सी.सी.टी.व्ही. फुटेजेस अवलोकन, तृतीय टीम को रायपुर को कनेक्ट होने वाले सभी इंटर स्टेट रूट्स पर पड़ने वाले टोल्स से जानकारी व सी.सी.टी.व्ही. फुटेजेस फॉलो करने हेतु, चतुर्थ टेकनिकल टीम को टावर एनालिसिस तथा पांचवी टीम को इस अपराधिक कार्यप्रणाली के अपराधियों द्वारा कारित अपराध की जानकारी हेतु ऑल इंडिया डेटाबेस व छत्तिसगढ़ के डेटा बेस पर कार्य करने हेतु पाबंद किया गया तथा छठवीं टीम को स्थानीय अपराधियों को फोकस में रखकर कार्य करने को कहा गया.
250 किमी का रूट, 1000 से अधिक सीसीटीवी और 10 लाख नंबरों का विश्लेषण
घटना स्थल से आरोपियों द्वारा डी.व्ही.आर. लेकर चले जाने से तथा आस-पास के कैमरों की क्चालिटी का स्तर ठीक न होने से सी.सी.टी.व्ही. एनालिसिस में दिक्कते आ रही थी. टीम ने बहुत ही बारिकी से अध्ययन करते हुए 01 दोपहिया वाहन में 03 व्यक्तियों को नोटिस किया जो रात्रि 02.37 मिनट पर घटना स्थल पर दिखते है और मात्र 08 मिनट में 02.45 मिनट पर वहां से निकल जाते है. रात्रि का समय होने से फुटेजेस क्लियर नही होने से उस दोपहिया वाहन सवार तीन व्यक्तियों को चिन्हांकित करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए उक्त सी.सी.टी.व्ही. फुटेजेस को फॉलो करते हुए उनके फरार होने के मार्ग को चिन्हित किया गया. पुलिस के सामने चुनौती यह भी थी कि जिस अस्पष्ट फुटेज को वो फॉलो कर रहे है क्या वह घटना करने वाले वास्तविक अपराधी ही है या नही इसलिये घटना स्थल पर कैम्प की हुई टीम लगातार उस फुटेज पर काम कर रही थी तथा दूसरी टीम को उस फुटेज को फॉलो करने के लिये कहा गया. टीम द्वारा लगातार 10 दिनों तक उस फुटेज को फॉलो करते हुए लगभग 250 किलोमीटर नागपुर से पहले मौधा तक गई, मौधा के बाद उक्त संदिग्ध आरोपियों के कोई फुटप्रिंट प्राप्त नही हो रहे थे. दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार के समय भी टीम ने चुनौती को स्वीाकर करते हुए मौधा में कैम्प कर आसूचना संकलन का कार्य प्रारम्भ किया.
टेकनिकल टीम के द्वारा लगभग 250 किलोमीटर रूट के 1100 से अधिक सेल आई.डी. टावर्स के लाखों नम्बरों के एनालिसिस पर भी आरोपियों के संबंध में कोई इनपुट जनरेट नही हो पा रहा था. रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैण्ड में पाबंद टीमों द्वारा भी कोई इनपुट जनरेट नही हो पा रहा था.
मौधा महाराष्ट्र में कैम्प कर रही टीम को यह जानकारी प्राप्त हुई कि कुछ दिन पूर्व मौधा के कुल्हान नदी के किनारे 01 बिना नम्बरी मोटर साईकिल लावारिस स्थिति में खड़ी मिली थी जिसके इंजन नम्बर एवं चेसिस नम्बर को स्क्रैच कर दिया गया था. टीम ने अपने प्रयासों से उक्त मोटर साईकिल को दिनांक 25.10.26 को थाना तेलीबांधा से चोरी होना पाया, अतः टीम यह स्थापित करने में सफल रही कि चूंकि यह मोटर साईकिल भी तेलीबांधा क्षेत्र से तथा आरोपियों द्वारा भी तेलीबांधा स्थित एप्पल स्टोर से चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है. अतः सी.सी.टी.व्ही. फुटेजेस का फॉलो एक सही दिशा में हो रहा है.
टीम के सामने अब एक नई चुनौती थी कि मौधा के आगे आरोपियों के संबंध में कोई भी सी.सी.टी.व्ही. फुटेजेस उपलब्ध नही हो रहे थे किन्तु यह स्पष्ट था कि आरोपियों के भागने का रास्ता महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश की ओर है. अतः ऑल इंडिया डेटा एनालिसिस टीम को महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, दिल्ली के एप्पल स्टोर में हुई चोरी और उनके पकड़े गये सभी आरोपियों के संबंध में जानकारी एकत्रित करने और उनका विश्लेषण करने हेतु कहा गया तथा आरोपियों का टोल बैरियर में प्राप्त फुटेज को अंतर्राज्यीय पुलिस समूहों में आसूचना हेतु सर्कुलेट किया गया. वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा 04 टीमों को महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान एवं दिल्ली में अज्ञात आरोपियों की पतासाजी हेतु डेप्यूट किया गया.
47 से अधिक अपराधों का सरगना राजेश झाला पकड़ा गया
डेटा एनालिसिस टीम ने यह नोटिस किया कि वर्ष 2024 में जयपुर राजस्थान में एप्पल स्टोर चोरी में मध्यप्रदेश के देवास एवं इंदौर के आस-पास के कंजर गिरोह द्वारा अंजाम दिया गया था. साथ ही अंतर्राज्यीय पुलिस समूहों में सर्कुलेट फुटेज के संबंध में देवास मध्यप्रदेश पुलिस से भी इनके कंजर होने की जानकारी प्राप्त की गई. और 01 अपराधी को राजेश झाला निवासी टोंककला थाना टोंकखुर्द जिला देवास मध्यप्रदेश के रूप में चिन्हित किया गया. देवास पुलिस के सहयोग से राजेश झाला को लिफ्ट किया गया चूंकि आरोपी राजेश झाला के ऊपर 47 से अधिक गंभीर प्रकृति के अपराध दर्ज है तथा अपराधिक कंजर गिरोह का सदस्य होने के कारण वह पूछताछ में लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा तथा कोई भी विशेष जानकारी उपलब्ध नही करा रहा था किन्तु क्रमिक पूछताछ में अंततः उसने अपने बेटे राजा झाला तथा गांव के ही 01 अन्य आरोपी राजेश लोधी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया साथ ही चोरी के सभी आईफोन को इंदौर निवसी सफान खान को देना बताया गया.
घटना के संबंध में उसने बताया कि दिनांक 25.10.26 को वह, अपने बेटे राज झाला तथा इंदौर निवासी सफान खान के साथ बस से रायपुर आकर तेलीबांधा मरीन ड्राईव में सफान द्वारा चिन्हित आईफोन स्टोर की रेकी कर जोरा मॉल पास से मोटर साईकिल चोरी कर दिनांक 26.10.26 को उक्त मोटर साईकिल को महाराष्ट्र के साकोली के पहले जंगल में छिपा कर रख दिया गया था तथा वहां से इंदौर वापस चले गये थे. पुनः दिनांक 31.10.26 को दोपहर में इंदौर से बस में महाराष्ट्र के साकोली के पास मोटर साईकिल छिपाये गये स्थान पर आकर जंगल से मोटर साईकिल को लेकर राजेश झाला, राज झाला एवं राजेश लोधी रात्रि में रायपुर आकर घटना को अंजाम देकर वापस मौधा के पास मोटर साईकिल कुल्हान नदी पुुल के नीचे छिपाकर तथा एप्पल स्टोर में लगे सी.सी.टी.व्ही डी.व्ही.आर को कुल्हान नदी में फेंककर वहां से बस पकड़कर इंदौर चले गये तथा वहां पर चोरी कियाा हुआ पूरा आईफोन खपाने के लिये सफान खान को दे दिये. राजेश झाला को पुलिस रिमाण्ड में लिया जाकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के दौरान राजेश झाला ने अपने आपराधिक कार्यप्रणाली के बारे में यह बताया कि यह गिरोह जब भी अपने घर से अपराध करने के लिये चलते है तो अपने मोबाईल फोन घर पर ही बंद करके छोड़ देते है ताकि पुलिस मोबाईल के माध्यम से उन्हें न पकड़ पाये तथा मोटर साईकिल चलाते समय चेहरे को ढ़क कर रखते है ताकि सी.सी.टी.व्ही. कैमरों में उनके चेहरे न आये और अपनी पहचान छिपा सके तथा चोरी के मोटर साईकिल से ही घटना को अंजाम देते है.
राजेश झाला के पुलिस की अभिरक्षा में होने की सूचना पर उसके अन्य साथी व सफान खान फरार हो गये. सफान खान पूर्व में भी जयपुर में एप्पल स्टोर चोरी में राजेश झाला के साथ गिरफ्तार हो चुका है. पुलिस के समक्ष चुनौती सफान खान को गिरफ्तार कर आईफोन बरामदगी की थी. सफान खान के विदेश भागने की भी संभावना थी. उपनिरीक्षक सतीश पुरिया के नेतृत्व में इंदौर में कैम्प कर रही 12 सदस्यीय पुलिस टीम सफान के सभी सम्पर्क सुत्रों को खंगाल रही थी उसके इंटरस्टेट मुव्हमेंट और उसके सम्पर्क की एनालिसिस कर रही थी तथा कोई इनपुट नही मिलने पर टीम के द्वारा प्रेशर टैक्टिक्स का उपयोग किया गया. जिसपे एक महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई कि सफान खान मुम्बई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनल एयरपोर्ट के पास लोकेट हो रहा है. अतः तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उच्च स्तरीय समन्वय स्थापित करते हुए उसके बाहर भागने की योजना सफल होने के पूर्व ही आरोपी सफान खान को गिरफ्तार कर लिया गया तथा उसकी निशानदेही पर जुलवानिया, बड़वानी मध्यप्रदेश से 125 नग आईफोन कीमती 01 करोड़ 50 लाख रूपये बरामद किया गया है. सफान को ट्रांजिट रिमाण्ड पर लिया गया है और उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है. इसके द्वारा कंजर गिरोहों के माध्यम से महंगे आईफोन स्टोर्स में चोरी करवाना तथा उक्त चोरी के आईफोन को बांग्लादेश एवं नेपाल में खपाने की आसूचना पर भी टीम काम कर रही है. शेष मोबाईल फोन के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा रही है तथा टीमें लगातार शेष 02 आरोपियों को लोकेट करने का प्रयास कर रही है तथा मध्यप्रदेश में कैम्प की हुई है. भारत के विभिन्न राज्यों में पिछले 01 वर्ष में एप्पल स्टोर्स में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में पतासाजी की जा रही है और इस गैंग के उन चोरियों में शामिल होने की संभावना का विश्लेषण भी किया जा रहा है. प्रकरण में विवेचना में संगठित अपराध की धारा जोड़ी जाकर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी-
- राजेश अजय सिंह झाला पिता अजय सिंह झाला उम्र 43 वर्ष पता टोंककला पोस्ट व थाना टोंकखुर्द जिला देवास मध्यप्रदेश.
- सफान खान पिता अनवर खान उम्र 35 साल निवासी जिला बड़वानी मध्यप्रदेश.
फरार आरोपी –
- राज झाला पिता राजेश झाला निवासी टोंककला पोस्ट व थाना टोंकखुर्द जिला देवास मध्यप्रदेश. (गिरफ्तार आरोपी राजेश झाला का पुत्र)
- राजेश लोधी निवासी टोंककला पोस्ट व थाना टोंकखुर्द जिला देवास मध्यप्रदेश.
वर्ष 2026 में कमिश्नरेट रायपुर द्वारा महत्वपूर्ण/संवेदनशील बड़े संपत्ति संबंधी अपराध के लगभग सभी प्रकरणों में आरोपियों की गिरफ्तारी कर लगभग शत्-प्रतिशत संपत्ति बरामद की गई है जिसकी सूची पृथक से संलग्न है.
