जुआ रेड के दौरान तालाब में कूदे युवक का 48 घंटे बाद मिला शव
सक्ती- जिले के डोमाडीह गांव में जुआ के खिलाफ पुलिस की रेड के दौरान तालाब में कूदे युवक का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. 22 नवंबर की देर रात हुई इस घटना के करीब 48 घंटे बाद मंगलवार को युवक महेशराम केंवट का शव तालाब में तैरता हुआ बरामद किया गया. शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है. परिजनों ने प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम पर युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर की देर रात डोमाडीह गांव में जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी थी. इसी दौरान महेशराम केंवट के पुलिस से बचने के लिए तालाब में कूदने की बात सामने आई. घटना के बाद से युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था, जिसके बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की गई.
युवक को खोजने के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी रेस्क्यू अभियान में लगाया गया था. करीब 48 घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद मंगलवार को तालाब से महेशराम केंवट का शव बरामद हुआ. शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची.
दूसरी ओर, युवक की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जुआ रेड के दौरान युवक के साथ मारपीट की गई थी. परिजन प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम पर कार्रवाई और परिवार को मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं.
