ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बेचने का आरोप
पूर्व में गिरफ्तार महिला और उसके बेटे को गांजा सप्लाई करने का किया खुलासा
रायगढ़- जिला पुलिस द्वारा फरार आरोपियों फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “आपरेशन क्लीन हंट” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार आरोपी जफर खान (55 वर्ष), निवासी ग्राम बिजना, थाना तमनार, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. आरोपी पर ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बिक्री करने तथा पूर्व में गिरफ्तार अपनी बहन रशीदन खान और उसके बेटे शेख नसीब को गांजा उपलब्ध कराने का आरोप है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AT 9329 भी जब्त की है.
जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 सितंबर 2026 को चक्रधरनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लामीदरहा के सड़कपारा स्थित एक किराना दुकान में रशीदन खान और उसका बेटा शेख नसीब गांजे की पुड़िया बनाकर अवैध रूप से बिक्री कर रहे हैं. सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जहां रशीदन खान (57 वर्ष) और शेख नसीब (27 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम लामीदरहा, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़, मिले. विधिवत तलाशी के दौरान रशीदन खान के कब्जे से गांजे से भरी 10 कागज की पुड़िया तथा शेख नसीब के कब्जे से एक प्लास्टिक पन्नी में रखा गांजा बरामद किया गया. कुल बरामदगी लगभग 1 किलो 28 ग्राम गांजा बताई गई है. इस मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 474/2026, धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था.
आरोपी जफर खान ने पूछताछ में स्वीकार किया कि रशीदन खान उसकी बहन है और वह पहले भी उसे गांजा बिक्री के लिए दे चुका है. आरोपी ने 15 सितंबर 2026 को रशीदन खान और उसके बेटे शेख नसीब को 10 हजार रुपये में गांजा बेचने की बात भी स्वीकार की. पुलिस ने प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर गांजा तस्करी में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की है. आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
