जुबिन नौटियाल के सुमधुर गीतों से गूंजा दिग्विजय स्टेडियम
राजनांदगांव- विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर स्थानीय दिग्विजय स्टेडियम में युवा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा भव्य ‘राग नांदगांव’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की. इस दौरान देश के प्रख्यात बॉलीवुड पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल की सुमधुर प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम में राजनांदगांव सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए. गीत-संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों से दिग्विजय स्टेडियम संगीतमय हो उठा.

यहां की जनता का स्नेह मेरी सबसे बड़ी पूंजी : रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया. उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की धरती ऐतिहासिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत से समृद्ध है. यह महान साहित्यकार गजानन माधव मुक्तिबोध, पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी एवं डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र जैसी विभूतियों की कर्मभूमि रही है. राजनांदगांव की विशिष्ट पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, हॉकी, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता से है. उन्होंने छत्तीसगढ़ और असम के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों राज्यों के बीच आत्मीयता का पुराना संबंध रहा है. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव की जनता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि राजनांदगांव से उनका गहरा आत्मीय और भावनात्मक संबंध है. उन्होंने कहा कि उनका जन्म कवर्धा जिले के ग्राम रामपुर में हुआ, लेकिन राजनांदगांव की धरती ने उन्हें राजनीतिक जीवन में नई पहचान और ऊंचाइयां प्रदान की. यहां की जनता ने उन्हें अपार स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद दिया है. उन्होंने कहा कि अपने लगभग 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन में राजनांदगांव की जनता से जो अपनापन और स्वीकार्यता मिली है, वह उनके लिए अमूल्य है. उन्होंने कहा कि राजनांदगांव मेरी शान है, मेरा अभिमान है, मेरी पहचान है और राजनांदगांव की वजह से ही रमन का अस्तित्व है.

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं पूरे प्रदेश में विशिष्ट स्थान रखती हैं. यहां की आकर्षक झांकियां, गणेशोत्सव एवं दुर्गोत्सव की गौरवशाली परंपरा तथा युवाओं की सेवाभावना अनुकरणीय है. उन्होंने नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे युवाओं की सराहना की. उन्होंने कहा कि राजनांदगांव के युवाओं में सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता की अद्भुत भावना है. विधानसभा अध्यक्ष ने युवाओं को जीवन में निरंतर आगे बढऩे और कठिन परिस्थितियों में भी उम्मीद बनाए रखने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं. उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, अपने हौसले और फिर से जीतने की उम्मीद को हमेशा जीवित रखना चाहिए. कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के आह्वान पर उपस्थित हजारों नागरिकों ने अपने मोबाइल फोन की रोशनी जलाकर एकता, उत्साह और आत्मीयता का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया. रोशनी से जगमगाते दिग्विजय स्टेडियम में उत्साहपूर्ण वातावरण निर्मित हो गया. डॉ. रमन सिंह ने नागरिकों के स्नेह और उत्साह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राजनांदगांव सदैव जागृत, प्रकाशित, उल्लासित एवं प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा.
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉ. रमन सिंह का प्रदेश की जनता के हृदय में विशेष स्थान है. उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह के प्रति लोगों का अपार प्रेम और विश्वास उनकी लोकप्रियता का प्रमाण है. उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी.
स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि डॉ. रमन सिंह ने लगातार 15 वर्षों तक मुख्यमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ को विकास की नई दिशा दी और देशभर में प्रदेश को विशिष्ट पहचान दिलाई. उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाया गया, जिसे देशभर में सराहना मिली. किसानों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि पहुंचाने जैसी पहल ने शासन की योजनाओं को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व और जनकल्याणकारी कार्यों ने छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति प्रदान की. मंत्री श्री यादव ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दी.
महापौर श्री मधुसूदन यादव ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि राजनांदगांव की जनता के लिए यह गौरव और हर्ष का अवसर है. उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनका जनता के साथ गहरा आत्मीय संबंध है. उन्होंने सभी नागरिकों की ओर से डॉ. रमन सिंह के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी.
जुबिन नौटियाल राग नांदगांव कार्यक्रम में देश के प्रख्यात पाश्र्व गायक जुबिन नौटियाल ने एक मुलाकात…, बहुत आई गई यादें मगर…, मेरे घर राम आए हैं…, श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी… जैसे मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया.
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री वियज शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक बिल्हा धरमलाल कौशिक, विधायक रायपुर नगर (पश्चिम) राजेश मूणत, विधायक पंडरिया भावना बोहरा, महंत राजीव लोचन दास जी महाराज, महापौर मधुसूदन यादव, अध्यक्ष जिला पंचायत किरण वैष्णव, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित के अध्यक्ष सचिन बघेल, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, उपाध्यक्ष जिला पंचायत किरण साहू, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित के उपाध्यक्ष भरत वर्मा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, पूर्व विधायक रामजी भारती, कोमल सिंह राजपूत, खूबचंद पारख, रमेश पटेल, दिनेश गांधी, संतोष अग्रवाल, युवा वेलफेयर फाउंडेशन राजनांदगांव के अध्यक्ष भावेश बैद, सौरभ कोठारी, सुमीत उपाध्याय, सुरेश एच लाल, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे.
