एक जमीन के कई सौदे कर लोगों को लगाया लाखों का चूना! फर्जी ऋण पुस्तिका बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार
बोरी (दुर्ग) जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक ही जमीन की अलग-अलग फर्जी ऋण पुस्तिकाएं तैयार कर कई लोगों को पावर ऑफ अटॉर्नी देने वाले आरोपी को बोरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है.आरोपी ने जमीन की रजिस्ट्री कराने का झांसा देकर लोगों से रकम वसूली और फिर उसी जमीन का सौदा दूसरे लोगों से भी कर दिया.
मामले के अनुसार, प्रार्थी ने थाना बोरी में शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम अरसी स्थित खसरा नंबर 1051 एवं 1086 की कुल 0.16,0.32 हेक्टेयर भूमि का सौदा आरोपी दीपक देशलहरे के साथ 3 लाख रुपये में तय हुआ था। प्रार्थी ने यह रकम ऑनलाइन, बैंक खाते और नगद माध्यम से आरोपी को दी थी.
आरोपी ने दस्तावेजों में त्रुटि होने की बात कहकर उन्हें सुधारने और जल्द रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिलाया. इसी दौरान उसने प्रार्थी को पावर ऑफ अटॉर्नी भी दे दी, जिसके आधार पर प्रार्थी स्वयं अथवा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री करा सकता था.
लेकिन करीब 11 महीने बाद प्रार्थी को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पता चला कि आरोपी उसी जमीन के संबंध में किसी अन्य व्यक्ति को भी पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री करा चुका है. तहसील कार्यालय से जानकारी लेने पर भूमि के नामांतरण को लेकर कई लोगों द्वारा आपत्तियां दर्ज कराने का खुलासा हुआ.
प्रार्थी की शिकायत पर थाना बोरी में अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. विवेचना के दौरान आरोपी फरार हो गया था. पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया. पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया.
ऐसे बिछाता था ठगी का जाल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक ही जमीन के संबंध में अलग-अलग ऋण पुस्तिकाएं तैयार कर लोगों को दस्तावेजों में त्रुटि सुधारने और रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिलाता था. इसके बाद अलग-अलग व्यक्तियों को उसी जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया कराता था. इस तरह एक ही जमीन के कई दावेदार खड़े कर लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया.
गिरफ्तार आरोपी: दीपक देशलहरे (36 वर्ष), निवासी ग्राम अरसी, थाना बोरी, जिला दुर्ग.
इस कार्रवाई में थाना बोरी के सउनि तानसिंह सोनवानी, आरक्षक ऋषि बंछोर, संजीव सोनी, जितेन्द्र धीवर एवं प्रशांत साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
