बिलासपुर चर्चित दीपक टंडन ब्लैकमेलिंग मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक टंडन के साले को रायपुर से गिरफ्तार किया है, वहीं ‘हनी बैजर’ (Honey Badger) न्यूज पोर्टल के पार्टनर बताए जा रहे कमल चौबे को भी हिरासत में लेकर जेल भेजने की कार्रवाई की है.पुलिस की इस कार्रवाई के बाद कथित ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं.
‘हनी बैजर’ पोर्टल के कनेक्शन की जांच
जांच के दौरान कमल चौबे का नाम सामने आया है. बताया जा रहा है कि वह मुख्य आरोपी दीपक टंडन के साथ ‘हनी बैजर’ न्यूज पोर्टल में पार्टनर के रूप में जुड़ा हुआ था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि न्यूज पोर्टल की आड़ में कथित तौर पर किस तरह ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली की गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था. इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है.
अवैध वसूली और प्रताड़ना के गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरोपियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, अवैध वसूली और प्रताड़ना सहित अन्य आपराधिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.
क्या पूरे सिंडिकेट का होगा पर्दाफाश?
सिरगिट्टी पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस कथित सिंडिकेट से जुड़े अन्य चेहरों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है.पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के आर्थिक लेन-देन, अन्य सहयोगियों और कथित अवैध गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.फिलहाल पुलिस की जांच जारी है. आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है.
