मजदूरों की मांगों को लेकर नाराजगी बनी आगजनी की साजिश की वजह
घटना को अंजाम देने के लिए पूर्व में बैठक कर योजना बनाए जाने की बात विवेचना में आई सामने
कांकेर- कांकेर जिले के ग्राम चेमल स्थित पुष्प स्टील एंड माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड की आयरन ओर माइंस में हुई आगजनी की बड़ी घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. 5 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात ग्राम चेमल स्थित पुष्प स्टील एंड माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड की आयरन ओर माइंस में खनन एवं सड़क निर्माण कार्य में लगी तीन पोकलेन मशीनों को आगजनी कर क्षतिग्रस्त करने की घटना सामने आई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लोहत्तर में अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई.
विशेष टीम गठित कर की गई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल एवं योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना लोहत्तर एवं साइबर टीम की विशेष टीम गठित की गई. टीम ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का पता लगाया.
विवेचना में सामने आई साजिश
जांच के दौरान मजदूरों की मांगों एवं समस्याओं का समाधान नहीं होने से कुछ लोगों में नाराजगी होने की बात सामने आई. विवेचना के अनुसार, आरोपियों ने बैठक कर माइंस में कार्यरत पोकलेन मशीनों को क्षतिग्रस्त करने की योजना बनाई. इसके बाद मशीनों के डीजल टैंक एवं पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाकर डीजल से भीगे कपड़ों के माध्यम से मशीनों की केबिन में आग लगाने का प्रयास किया गया. घटना को नक्सली वारदात का स्वरूप देने के उद्देश्य से पर्चे रखे जाने की बात भी जांच में सामने आई है.
पांच आरोपी गिरफ्तार
प्रकरण में सहदेव तुलावी, प्रेमसिंह कोरेटी, ओमप्रकाश कचलाम, शिवलाल तुलावी एवं बृजलाल सलाम को गिरफ्तार किया गया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 326 सहित विवेचना के दौरान धारा 324(5), 61(2), 111(3), 351(3), 319(2) एवं 191(3) जोड़ी गई हैं.
