1000 रुपए में बेचते थे चोरी का पंप
सूरजपुर- जिले में चोरी की घटनाओं से परेशान हो चुके ग्रामीणों ने दो पंप चोरों को खुद ही सबक सिखाया है. ग्रामीणों ने चोरों को न सिर्फ जूतों की माला पहनाई, बल्कि उनका पूरे गांव में जुलूस भी निकाला. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जिले के ग्राम पंचायत आमगांव का है. बताया जा रहा है कि ग्रामीण पंप चोरी की लगातार घटनाओं से परेशान है. इस बीच उन्होंने ग्राम पंचायत कोट के दो आरोपियों को पकड़ लिया, जो पंप चोरी कर महज 1000 रुपये में बेच देते थे. इसके बाद उन्होंने जो कदम उठाया वह हैरान कर देने वाला था.
ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को जूतों की माला पहनाई और फिर दोनों को पूरे गांव में घुमाया. इस दौरान उन दोनों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी किया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जो अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है.
