ठाणे में दबिश देकर म्यूल अकाउंट से चल रहे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश, 10 सटोरिये गिरफ्तार
भिलाई- दुर्ग पुलिस ने म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर ऑनलाइन सट्टेबाज़ी का अंतरराज्यीय नेटवर्क चलाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. थाना वैशाली नगर और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के ठाणे स्थित एक किराए के फ्लैट में दबिश देकर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़ाए गए आरोपी दो अलग-अलग ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनल संचालित कर रहे थे, जिनके जरिए करोड़ों रुपये का संदिग्ध लेनदेन मिला है.
पुलिस के अनुसार, थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 370/2026, धारा 317(2), 317(4), 112, 3(5) बीएनएस और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 7 के तहत जांच चल रही थी. म्यूल खातों के लेन-देन की जांच में तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि दुर्ग-भिलाई और धमतरी के युवक ठाणे में फ्लैट लेकर सट्टा पैनल चला रहे हैं.
टीम ने वहां छापा मारा तो 10 युवक दो अलग-अलग पैनलों को शिफ्ट में संचालित करते मिले. वे विभिन्न बैंक खातों और डिजिटल पेमेंट के जरिए सट्टे की रकम का लेन-देन और ऑनलाइन हिसाब रखते थे. मौके से 31 मोबाइल, 4 लैपटॉप, 12 एटीएम कार्ड, 2 पैन कार्ड, 2 पासबुक, वाई-फाई उपकरण, पेन ड्राइव और नगदी जब्त की गई. जब्त उपकरणों की डिजिटल फॉरेंसिक जांच जारी है.
गिरफ्तार आरोपी
- विष्णु तिवारी (19) – कैंप-1, बैकुंठ धाम, भिलाई, थाना छावनी
- अंकित निषाद (23) – सुभाष नगर, धमतरी
- नितेश कुमार (24) – हटकेसर, धमतरी
- नरेश कन्हाई (24) – बालाजी नगर, खुर्सीपार, भिलाई
- दीपक कश्यप (27) – गगरेल, धमतरी
- मेहुल निषाद (23) – हाउसिंग बोर्ड, धमतरी
- हर्ष वर्धन निषाद (19) – लिटियासेमरिया, थाना बोरी
- संतोष राम (28) – मधुबनी, बिहार
- भुवन लाल देवांगन (28) – कांकेर
- चेतन ध्रुव (27) – सुभाष नगर, धमतरी
पुलिस ने अपील की है कि अपना बैंक खाता, एटीएम, पासबुक, सिम या यूपीआई किसी को न दें, अन्यथा कार्रवाई होगी.
