मोटरसायकल चोरी गिरोह का पर्दाफाश: 7 मोटरसायकल, फर्जी RC और नंबर प्लेट के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव –साइबर सेल और थाना बसंतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अंतरजिला मोटरसायकल चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की 07 मोटरसायकल, 02 फर्जी आरसी और 01 फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है.
जानकारी के अनुसार, थाना बसंतपुर में प्रार्थी जयकुमार सिन्हा, निवासी शिकारीमहका द्वारा 06 सितंबर 2026 को अपनी मोटरसायकल HF Deluxe क्रमांक CG 08 W 7699 को साइंस कॉलेज स्थित पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम के गेट नंबर-02 के पास खड़ी करने तथा अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 432/2026, धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल एवं थाना बसंतपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया. प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध देवाशीष गजेन्द्र को 03 अक्टूबर 2026 को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपी ने उक्त मोटरसायकल चोरी करना स्वीकार करने के साथ-साथ राजनांदगांव, दुर्ग एवं बालोद जिले में अन्य मोटरसायकल चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की. आरोपी की निशानदेही एवं उसके बताए अनुसार कुल 07 चोरी की मोटरसायकल बरामद की गई.
जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा चोरी की गई मोटरसायकलों में से 03 मोटरसायकल आरोपी शेख अमीन, निवासी तिफरा, बिलासपुर को बिक्री करना बताया गया. पुलिस द्वारा आरोपी शेख अमीन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से उक्त 03 मोटरसायकल बरामद की गई. इसके अतिरिक्त आरोपी देवाशीष गजेन्द्र के कब्जे से 04 मोटरसायकल, 02 फर्जी आरसी एवं 01 फर्जी नंबर प्लेट बरामद कर विधिवत जप्त की गई.
चोरी की मोटरसायकलों का विवरण
- HF Deluxe – CG 08 W 7699
- Passion Pro – CG 07 BK 5873, गौरव पथ, राजनांदगांव
- HF Deluxe – CG 06 GD 5286, नया बस स्टैंड क्षेत्र, राजनांदगांव
- Passion Pro – CG 08 AA 6472, कलेक्टोरेट परिसर, राजनांदगांव
- SB Shine – CG 07 BS 3785, थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद
- Honda मोटरसायकल – CG 07 CP 6004, सिविक सेंटर, भिलाई नगर, जिला दुर्ग
- Honda Shine – OLX के माध्यम से खरीदी गई मोटरसायकल
उपलब्ध साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है. प्रकरण में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों एवं चोरी की संपत्ति के संबंध में विवेचना जारी है. राजनांदगांव पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है.
गिरफ्तार आरोपी
- देवाशीष गजेन्द्र पिता– हेमंत कुमार गजेन्द्र, उम्र 30 वर्ष निवासी– परसतरई, थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद
- शेख अमीन पिता– गुलाम मोहम्मद, उम्र 33 वर्ष निवासी– तिफरा देवनगर, थाना सकरी, जिला बिलासपुर
