भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने केंद्र व राज्य सरकार को लिखा पत्र, विशेष राहत पैकेज की मांग
जगदलपुर- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव ने बस्तर संभाग में ओडिशा के खातीगुड़ा बांध से पानी छोड़े जाने के बाद उत्पन्न हुई भीषण बाढ़ की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है. उन्होंने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष सी.आर. पाटिल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को पत्र प्रेषित कर प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष राहत पैकेज, मुआवजा और दीर्घकालिक बाढ़ प्रबंधन की मांग की है.
पत्र में बताया गया कि ओडिशा स्थित इंद्रावती जलाशय (खातीगुड़ा बांध) से बिना अग्रिम चेतावनी व समन्वय के भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से काफी ऊपर पहुंच गया. इससे जगदलपुर शहर के कई वार्ड और सैकड़ों ग्रामीण क्षेत्र जलमग्न हो गए हैं. लाखों एकड़ फसलें नष्ट हो गई हैं, मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, मवेशी बह गए हैं और जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. उन्होंने पत्र के माध्यम से प्रमुख मांगें की है.
किरण देव ने केंद्र सरकार से मांग की है कि बस्तर के भौतिक सत्यापन हेतु एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम (Inter-Ministerial Central Team) तुरंत भेजी जाए और विशेष बस्तर बाढ़ राहत व जोरा नाला पुनरुद्धार पैकेज को अविलंब स्वीकृति प्रदान की जाए.


