बड़ा पद दिलाने के नाम पर 82.63 लाख की ठगी: आरोपी महिला चढ़ी पुलिस के हत्थे, दस्तावेज व मोबाइल जब्त
बिलासपुर- राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने और पार्टी फंड के नाम पर एक निजी सलाहकार से 82 लाख 63 हजार 194 रुपए की भारी-भरकम ठगी करने वाली आरोपी महिला को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी महिला को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खोंगापानी स्थित उसके निवास से हिरासत में लिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक, सरकंडा क्षेत्र के श्री विहार निवासी चेतन आनंद दुबे की वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से निखत परवीन शाबरी उर्फ निकहत शाबरी उर्फ निक्की से पहचान हुई थी. आरोपी महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए बड़े नेताओं से करीबी संपर्क होने का दावा किया. जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर उसने प्रार्थी का विश्वास हासिल किया. इसके बाद आरोपी ने प्रार्थी को राजनीति में रुचि का फायदा उठाते हुए राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने और पार्टी में ज्वाइनिंग कराने का झांसा दिया.
पुलिस के अनुसार, पार्टी फंड और कागजी प्रक्रिया के नाम पर प्रार्थी और उसके परिचितों सतीश अग्रहरी, अंकित पाण्डेय और डॉ. गायत्री गुप्ता के खातों से रकम ली गई. इसके अलावा नकद राशि भी ली गई. कुल मिलाकर 82,63,194 रुपए लिए गए. वही प्रार्थी द्वारा रकम वापस मांगने पर आरोपी द्वारा कथित रूप से धमकी और ब्लैकमेलिंग किए जाने की बात भी शिकायत में सामने आई है. मामले में सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1376/2026, धारा 318(4) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया. जांच के दौरान पुलिस ने धारा 119(1) BNS भी जोड़ी.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले के खोंगापानी पहुंची और आरोपी महिला को उसके निवास से हिरासत में लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और प्रार्थी के दस्तावेज व बायोडाटा जब्त किए हैं. पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी झगराखांड और सिविल लाइन रायपुर थाने में वसूली, ब्लैकमेलिंग, जुआ तथा अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं.
