असम में पूर्व CM भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के काफिले पर पथराव, शीशे टूटे
नगांव (असम)- असम के नगांव में सोमवार को चुनाव के प्रचार के दौरान कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के काफिले पर जानलेवा हमला होने की खबर सामने आई है. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल और असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई के काफिले पर पत्थरों से हमला किया गया, जिससे गाड़ियों के शीशे टूट गए. भूपेश बघेल ने दावा किया है कि जिस कार में वे और गौरव गोगोई मौजूद थे, उस पर एसिड भी फेंका गया.
भूपेश बघेल ने अपने सोशल मीडिया (X) हैंडल पर इस घटना की जानकारी साझा करते हुए कहा कि नगांव में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे कांग्रेस के काफ़िले पर भाजपा के लोगों ने प्राणघातक हमला किया है. हमारी कारों पर पत्थरों से हमले हुए, कार का शीशा टूट गया. भीतर बैठे एआईसीसी के सचिव मनोज चौहान और अन्य साथियों को चोटें आईं हैं. मैं और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई जिस कार में थे उस पर तो एसिड तक फेंका गया. गनीमत है कि कार के शीशे बंद थे. मोटर साइकिलों पर बड़ी दूर तक हमारा पीछा तक किया गया. कुछ में भाजपा के झंडे भी लगे थे. बहुत से साथी घायल हुए हैं. हमने थाने में रपट लिखाई है. फिर हम कलेक्टर और एसपी से भी मिले. आज भाजपा का चेहरा एक बार फिर बेनकाब हुआ है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के गुंडाराज का पर्दाफ़ाश हुआ है.
https://x.com/bhupeshbaghel/status/2102076309887426919
एक सवाल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी है क्योंकि आचार संहिता के बाद क़ानून व्यवस्था चुनाव आयोग की ज़िम्मेदारी होती है. भाजपा के इस हमले की वजह है लोकसभा उपचुनाव चुनाव में हारने का डर. न कांग्रेस डरने वाली है और न असम की जनता. हम लड़ेंगे और जीतेंगे.
