सत्यानंद योग आश्रम में रासेयो के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन
राजनांदगांव- शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय, राजनांदगांव की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का 2 नवंबर 2026 को सत्यानंद योग आश्रम में समापन हुआ. शिविर की थीम ‘नशामुक्त भारत के लिए युवा’ रही. समापन अवसर पर रासेयो अधिकारी डॉ. एस.आर. कन्नौजे ने सात दिनों की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व उपाध्यक्ष कृषि उपज मंडी राजनांदगांव कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविरों में स्वयंसेवक अनुशासन, सेवा और सामूहिकता का महत्व सीखते हैं, जो जीवनभर उनके काम आता है. युवा शक्ति को राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उन्होंने युवाओं से समाज और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रवि सिन्हा ने कहा कि योग जीवन को स्वस्थ, संतुलित और सुंदर बनाने का माध्यम है. राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़कर स्वयंसेवकों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का अवसर मिलता है. उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त अनुभवों को केवल सात दिनों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने घर, मोहल्ले और समाज में भी नशामुक्ति एवं योग का संदेश पहुंचाएं.
प्रभारी प्राचार्य डॉ. ए.एन. माखीजा ने स्वयंसेवकों को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया.
सत्यानंद योग आश्रम की अध्यक्ष तारिणी मिरानी ने सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रमदान और योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की बात कही. वहीं कोमल साहू ने शांति पाठ कराया तथा स्वयंसेवकों से शिविर के बाद भी प्रतिदिन योग करने और अपने परिवार एवं समाज को योग के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया.
इस अवसर पर सत्यानंद योग आश्रम की ओर से सभी स्वयंसेवकों को साहित्य भी भेंट किया गया. सात दिवसीय शिविर में स्वयंसेवकों ने सेवा, अनुशासन, योग, श्रमदान और सामाजिक जागरूकता से जुड़े अनुभव प्राप्त किए.
