आपसी विवाद पर ग्रामीण की टांगी मार कर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़- थाना कापू क्षेत्र के ग्राम पखनाकोट में हुए ग्रामीण चैतराम यादव उर्फ महेश यादव की हत्या मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में कापू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी नैहर साय मांझी को गिरफ्तार कर लिया है. कापू पुलिस ने आरोपी के बताए स्थान से वारदात में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है.
क्या था पूरा मामला?
14 सितंबर 2026 को कापू पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पखनाकोट निवासी चैतराम यादव उर्फ महेश यादव (50 वर्ष) की टांगी से वार कर हत्या कर दी. सूचना पर एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी द्वारा कापू पुलिस को मौके के लिए रवाना किया गया. सूचना पाकर थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की पुलिस टीम के साथ तत्काल ग्राम पखनाकोट पहुंचे.
मौके पर मृतक के भतीजे वासुदेव यादव (47 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि मृतक की पत्नी से के अनुसार, 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात गांव के ही नैहर साय मांझी (45 वर्ष) उनके घर आया था किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान चैतराम यादव उर्फ महेश यादव पर टांगी से हमला कर दिया. मृतक का शव आरोपी के घर की परछी में जमीन पर पड़ा मिला.
मामले की गंभीरता को देखते हुए कापू पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस टीम द्वारा आरोपी की लगातार पता तलाश की गई, जिसके बाद उसे गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात उसके स्वयं के इलाज कराने तथा आपसी कहासुनी को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने चैतराम यादव पर टांगी से वार किया था. आरोपी ने बताया कि घटना के बाद उसने वारदात में प्रयुक्त टांगी को छाताघुरा जंगल में पत्थर के नीचे छिपा दिया था. आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने छाताघुरा जंगल पहुंचकर हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर जप्त की है. आरोपी नैहर साय मांझी (45 वर्ष) पिता स्व. गोपाल मांझी को थाना कापू में दर्ज हत्या के अपराध में गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
