आर्ट स्टूडियो से चोरी की लकड़ी की मूर्तियां बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार साथी की तलाश जारी
नारायणपुर- नारायणपुर पुलिस ने आर्ट स्टूडियो में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई लकड़ी की कीमती मूर्तियां जब्त की हैं, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी है.
जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को गढ़बेंगाल निवासी प्रार्थी पंडी राम मंडावी ने थाना नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि नारायणपुर स्थित उनके आर्ट स्टूडियो से मोबाइल फोन और लगभग 80,000 रुपये कीमत की 17 नग लकड़ी की मूर्तियां चोरी हो गई हैं. रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 85/2026, धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) अजय सिंह और थाना प्रभारी विनीत दुबे के नेतृत्व में मामले की गहन विवेचना की जा रही थी. तलाश के दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही मनोज विश्वकर्मा (उम्र 30 वर्ष, निवासी पाता नरहरपारा, जिला कोंडागांव) को हिरासत में लिया. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया. पुलिस ने आरोपी मनोज विश्वकर्मा की निशानदेही पर चोरी की गई 12 नग लकड़ी की मूर्तियां बरामद कर जब्त की हैं. आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है.
