चुनौती स्वीकार कर मंच पर भिड़े भूपेश-विजय, डिबेट के बाद सोशल मीडिया पर छिड़ा वार-पलटवार
रायपुर- छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर जारी सियासी घमासान आज रायपुर प्रेस क्लब के मंच पर खुली डिबेट के रूप में सामने आया. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने एक-दूसरे की चुनौती स्वीकार करते हुए ओपन डिबेट में हिस्सा लिया. इस दौरान आकड़े को लेकर दोनों नेताओं के बीच जमकर बहस हुई. डिबेट समाप्त होने के तुरंत बाद दोनों पार्टियों (भाजपा-कांग्रेस) के बीच सोशल मीडिया पर पोस्ट और पोस्टरों के ज़रिए वार-पलटवार का दौर शुरू हो गया.


भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा है कि अगली बार किसी समझदार को भेजना. ‘छोटा रिचार्ज’ रील के लिए ही ठीक है. भूपेश ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास पर इन झूठों को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्वीकार कर लिया है.
यह छत्तीसगढ़ की जनता की दुष्प्रचार पर जीत है.
- 2023 में नई भाजपा सरकार ने 18 लाख नए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृति करने का जो दावा किया था वो झूठ है
- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह जी ने अपने तीन दौरों पर जो लगभग 10 लाख प्रधानमंत्री आवास का दावा किया था, वह भी झूठ है
प्रचार की आड़ में छिपना बंद कीजिए विष्णुदेव जी!
धरातल पर आइये और सच्चाई का सामना कीजिए.
वहीं भाजपा ने पोस्टर जारी कर लिखा है कि हवाबाजी का हुआ बंटाधार, भ्रम का गुब्बारा फूटा सही आंकड़ों के साथ. इसके अलावा भाजपा ने एक और पोस्टर जारी कर लिखा है – तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर एटीएम, अगली बार राहुल गांधी को भेजना.

बता दें कि दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर एक-दूसरे की चुनौती स्वीकार की थी. इसके बाद आज ओपन डिबेट तय की गई और रायपुर प्रेस क्लब में दोनों नेता कार्यक्रम पहुंचे थे, जहां इस मुद्दे पर बहस हुई.
