गणेश पंडाल के पास खूनी वारदात, सनकी आरोपी ने 4-5 बार चाकू से वार कर ली जान
बिलासपुर- जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी स्थित गणेश पंडाल में DJ का साउंड बढ़ाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. नशे में धुत आरोपी ने एक 22 वर्षीय युवक के सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ 4 से 5 वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, सोमवार (14 सितंबर) शाम ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के पास बने गणेश पंडाल के निकट अमन सूर्यवंशी (23) और आकाश सूर्यवंशी (22) मौजूद थे. इसी दौरान दोनों के बीच DJ साउंड सिस्टम को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर नशे में धुत अमन सूर्यवंशी ने अपने पास रखे चाकू से आकाश के सीने पर लगातार 4-5 वार कर दिए. अचानक हुए इस जानलेवा हमले में आकाश खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा. ग्रामीणों ने तुरंत ‘डायल 112’ को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. गंभीर रूप से घायल आकाश को तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
