BJP विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर
भिलाई- छत्तीसगढ़ के राजनीतिक गलियारों से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक और कद्दावर नेता डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन हो गया है. वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और हैदराबाद में उनका उपचार जारी था. उनके निधन से क्षेत्र और पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 78 वर्षीय विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और बेहतर इलाज के लिए उन्हें हैदराबाद ले जाया गया था, जहाँ चिकित्सा के दौरान उनका निधन हो गया. उनके अचानक निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक दलों में शोक की स्थिति बन गई है.
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा दुर्ग जिले की अजा (SC) सुरक्षित अहिवारा विधानसभा सीट से विधायक थे. साल 2023 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में उन्होंने एक बार फिर बीजेपी के टिकट पर शानदार जीत दर्ज करते हुए अहिवारा सीट पर भगवा फहराया था. वे छत्तीसगढ़ विधानसभा के सबसे उम्रदराज विधायकों में से एक थे, जिनकी क्षेत्र में गहरी पैठ और जनप्रियता थी.
उनके निधन पर कई वरिष्ठ राजनेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है.
