भाजपा नेता राजेंद्र यादव पर चाकू से जानलेवा हमला, गले पर वार कर आरोपी फरार
भिलाई- रिसाली नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 37 (जोरातराई) में शनिवार सुबह चाकूबाजी की घटना सामने आई है. स्थानीय होटल में चाय पी रहे भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव पर एक युवक ने धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल भाजपा नेता को तत्काल भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह राजेंद्र सिंह यादव जोरातराई स्थित एक चाय दुकान में बैठे हुए थे. इसी दौरान वहां पहुंचे एक युवक ने अचानक पीछे से उनके गले पर वार कर दिए. अचानक हुए इस जानलेवा हमले में राजेंद्र यादव लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर तुरंत मौके से फरार हो गया. घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. हमले की वजह को लेकर पुलिस अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है.
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि उतई थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद यह हमला हुआ है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा.
