खेत में बने बोरघर से 497 पौवा शराब संग पैकिंग का जखीरा जब्त, 2 गिरफ्तार, 1 फरार
राजनांदगांव- राजनांदगांव पुलिस द्वारा अवैध शराब के भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर सेल एवं पुलिस चौकी मोहारा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है. पुलिस ने ग्राम मोहारा स्थित एक खेत के बोरघर में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और उसके री-पैकिंग/लेबलिंग में प्रयुक्त होने वाली सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है.
पुलिस चौकी मोहारा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मोहारा में शराब भट्ठी जाने वाले रोड के पास स्थित दउवा वर्मा के खेत में बने बोरघर में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बिक्री के उद्देश्य से डम्प कर रखी गई है. सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए प्रभारी पुलिस चौकी मोहारा एवं साइबर सेल प्रभारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा स्वतंत्र गवाहों के साथ मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर दबिश दी गई. मौके पर बोरघर मालिक दउवा वर्मा पिता स्व. मोहन वर्मा, उम्र 60 वर्ष, निवासी बुढ़ादेव चौक मोहारा उपस्थित मिला. बोरघर की तलाशी लेने पर विभिन्न प्रकार की अंग्रेजी शराब के साथ शराब की पैकिंग, लेबलिंग एवं बिक्री में प्रयुक्त होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद हुई.
तलाशी के दौरान
- उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा स्प्रीट अंग्रेजी शराब – 429 पौवा, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 77.22 बल्क लीटर, अनुमानित कीमत ₹16,302/-.
- छत्तीसगढ़ निर्मित जम्मू स्पेशल व्हीस्की – 68 पौवा, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 12.24 बल्क लीटर, अनुमानित कीमत ₹8,160/-. इस प्रकार कुल 89.46 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹47,462/-, बरामद एवं जप्त की गई.
इसके अतिरिक्त मौके से जम्मू स्पेशल व्हीस्की के 2820 स्टीकर, 2541 लेबल पर्चियां, 263 खाली प्लास्टिक शीशियां, 40 खाली प्लास्टिक शीशियां, 330 लाल रंग के प्लास्टिक ढक्कन, 268 टूटे हुए धातु के ढक्कन तथा 01 लोहे की कैंची बरामद की गई. बरामद शराब एवं अन्य सामग्री के संबंध में दउवा वर्मा को वैध दस्तावेज, परमिट अथवा लाइसेंस प्रस्तुत करने हेतु विधिवत नोटिस दिया गया, किंतु उसके द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया.
पूछताछ के दौरान दउवा वर्मा के मेमोरंडम कथन के आधार पर उक्त अवैध शराब को उसके भांचा नंदकिशोर वर्मा उर्फ नीतू उर्फ छोटे कट्टी द्वारा मंगाया जाना तथा महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़े कट्टी द्वारा खेत में बने बोरघर में डम्प कर रखा जाना बताया गया. मामले में आरोपी दउवा वर्मा को विधिवत हिरासत में लिया गया है, प्रकरण में संलिप्त आरोपी नंद किशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी को गिरफ्तार किया गया है , जबकि फरार आरोपी महेन्द्र वर्मा की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं
जप्त शराब में से निर्धारित मात्रा को रासायनिक/गुणवत्ता परीक्षण हेतु पृथक कर सीलबंद किया गया है. शेष शराब एवं अन्य सामग्री को भी विधिवत जप्त कर सीलबंद किया गया. घटनास्थल का नजरी नक्शा तैयार कर आवश्यक फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई.
गिरफ्तार आरोपी
दउवा वर्मा पिता स्व. मोहन वर्मा, उम्र 60 वर्ष
महेन्द्र वर्मा पिता कुमार वर्मा, उम्र 28 वर्ष
नंदकिशोर वर्मा उर्फ नीतू उर्फ छोटे कट्टी पिता कुमार वर्मा, उम्र 25 वर्ष सभी निवासी ग्राम मोहारा, पुलिस चौकी मोहारा, थाना डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव के विरुद्ध धारा 34(2), 36 एवं 59 आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है.
