सिंघोला में जर्जर पानी टंकी पर चला प्रशासन का बुलडोजर
राजनांदगांव – कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सिंघोला में पुरानी आरसीसी उच्च स्तरीय अत्यंत जर्जर पानी टंकी को आज सुरक्षित एवं सुरक्षात्मक तरीके से हटाने की कार्रवाई की गई. ग्रामवासियों द्वारा जर्जर पानी टंकी को हटाने के संबंध में प्रशासन को सूचना दी गई थी. ग्रामीणों की सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई.
पानी टंकी को तोडऩे से पूर्व ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी गई तथा सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक सावधानियां बरती गईं. इसके बाद जर्जर पानी टंकी को सुरक्षित तरीके से तोड़कर हटाया गया. कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया. कलेक्टर ने जर्जर एवं अनुपयोगी संरचनाओं के संबंध में प्राप्त सूचनाओं पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं.
