कन्हर नदी में इस सीजन की सबसे बड़ी बाढ़, वार्ड क्रमांक 9 तक पहुंचा पानी
रामानुजगंज- बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं. जिले की प्रमुख कन्हर नदी में इस सीजन की सबसे अधिक बाढ़ देखने को मिल रही है. नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से रामानुजगंज नगर के निचले इलाकों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.
कन्हर नदी का पानी बढ़ते-बढ़ते नगर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित सीसी रोड तक पहुंच गया है. लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर अभी भी बढ़ रहा है, जिससे आसपास के लोगों में चिंता बनी हुई है. प्रशासन और नगर पालिका द्वारा संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है.
नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नगर पालिका की टीम संभावित प्रभावित क्षेत्रों में लगातार नजर बनाए हुए है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नगर पालिका की पूरी टीम को अलर्ट रखा गया है. आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं तत्काल की जाएंगी.
लगातार बारिश के बीच नदी का जलस्तर बढ़ने से नगरवासियों से भी नदी एवं निचले इलाकों के आसपास जाने से बचने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.



