मूसलाधार बारिश के बीच भरभराकर गिरा मकान, तीन बच्चों की बाल-बाल बची जान
रामानुजगंज- नगर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. बारिश के चलते नगर के वार्ड क्रमांक-13 में एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे के दौरान घर के अंदर मौजूद दो बेटियों और एक बेटे की जान बाल-बाल बच गई. बच्चों के सुरक्षित बाहर निकलने के महज कुछ सेकंड बाद ही पूरा मकान ढह गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक- 13 निवासी हुजू भुइयां मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपनी पत्नी के साथ किसी काम से घर से बाहर गए थे. इस दौरान उनके तीन बच्चे घर के अंदर मौजूद थे. अचानक बच्चों को मकान के गिरने का अंदेशा हुआ. खतरे को भांपते हुए तीनों बच्चे तत्काल घर से बाहर निकल आए.
बच्चों के बाहर निकलने के कुछ ही सेकंड बाद मकान अचानक भरभराकर गिर गया. मकान गिरने से आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई. गनीमत रही कि समय रहते तीनों बच्चे बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
घर का सामान मलबे में दबा
मकान गिरने से घर में रखा लगभग पूरा सामान मलबे के नीचे दब गया. परिवार के सामने अब रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है. बारिश के इस दौर में मकान गिरने से परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में पहले ही नदी-नाले उफान पर हैं और जनजीवन प्रभावित है. ऐसे में कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों के लिए खतरा और बढ़ गया है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत एवं सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने की मांग की है.



