भिलाई में 100 फीट ऊंचे तिरंगे का ध्वजारोहण
भिलाई- स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कोहका स्थित ‘वीरा के अंगना’ प्रांगण में 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को फहराया गया. सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष और युवा ट्रांसपोर्टर इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ एवं उनकी टीम द्वारा आयोजित इस भव्य ध्वजारोहण समारोह में भिलाई के विभिन्न समाजों के लोग, सर्व समाज कल्याण समिति के पदाधिकारीगण, ट्रांसपोर्ट यूनियन के सदस्य, बड़ी संख्या में महिलाएं और स्कूली बच्चे शामिल हुए. इसके अलावा उन्होंने नगर के एसबीएस हॉस्पिटल जीई रोड पॉवरहाउस, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन कार्यालय ट्रांसपोर्ट नगर भिलाई सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर ध्वजारोहण किया.
इस अवसर पर इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ ने कहा कि तिरंगा देश की मान, मर्यादा और अखंडता का प्रतीक है. इसका सम्मान करना सिर्फ अवसर विशेष तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हर नागरिक को 365 दिन इसे अपने दिल में सम्मान के साथ रखना चाहिए. स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि आज की यह आजादी उनके महान त्याग का परिणाम है. शिक्षा को देश की प्रगति की नींव बताते हुए उन्होंने घोषणा की कि किसी भी गरीब व बेसहारा बच्चे की पढ़ाई में यदि मदद की आवश्यकता होगी, तो वे हर संभव सहयोग देंगे.

कार्यक्रम में प्रभुनाथ मिश्रा, हरेंद्र यादव, मलकीत सिंह, जोगाराव, शाहनवाज कुरैशी, राम, निर्मल सिंह, सन्नी सिंह, सोम सिंह, यश सिंह सहित यादव समाज, सिख समाज एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि तथा ट्रांसपोर्ट यूनियन के सदस्यगण प्रमुख रूप से मौजूद रहे.



