पाटन तहसील कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया आजादी का पर्व, SDM उत्तम ध्रुव ने फहराया तिरंगा
दुर्ग/ पाटन- स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर 15 अगस्त 2026 को तहसील कार्यालय पाटन परिसर देशभक्ति के रंगों में सराबोर नजर आया. परिसर में अनुशासित और गरिमामय माहौल के बीच 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया.
समारोह के मुख्य अतिथि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) उत्तम ध्रुव ने आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक फहराया. ध्वजारोहण के बाद उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी. मुख्य अतिथि ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं.
तहसील परिसर में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में भारत माता एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया. इस दौरान तहसीलदार पवन सिंह ठाकुर सहित राजस्व विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे.
समारोह में मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र निर्माण में अपनी सत्यनिष्ठा एवं पूर्ण लगन के साथ सेवा देने का संकल्प लिया.



