ब्रांडेड डिब्बों में नकली ऑयल का खेल! पुलिस ने जप्त किए 246 सीलबंद डिब्बे
बलौदाबाजार- जिले के भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने प्रसिद्ध ब्रांड्स के नाम पर नकली मोबिल ऑयल बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से टाटा मोटर्स और गल्फ ऑयल के नाम पर तैयार किए गए नकली उत्पादों के 246 सीलबंद डिब्बे जप्त किए हैं, जिनकी कुल बाजार कीमत लगभग 4,30,500 आंकी गई है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को नकली ऑयल बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी. शिकायतकर्ता ने बताया था कि अर्जुनी स्थित दुकान में टाटा और गल्फ जैसे नामी ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद बेचे जाने की आशंका है. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने दुकान की जांच की और वहां मौजूद सामान की पड़ताल की.
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान दुकान में ऐसे उत्पाद मिले जिनकी पैकिंग देखने में संबंधित कंपनियों के वास्तविक उत्पाद जैसी प्रतीत हो रही थी. पुलिस ने वहां से इंजन ऑयल और डीजल एग्जॉस्ट फ्लुइड (DEF) से संबंधित उत्पाद बरामद किए. इन उत्पादों पर नामी कंपनियों के नाम और लोगो का इस्तेमाल किया गया था. जांच के दौरान पुलिस ने टाटा मोटर्स नाम से पैक 149 डिब्बे और गल्फ ऑयल नाम से पैक 97 डिब्बे जब्त किए. दोनों कंपनियों के नाम से मिले कुल 246 डिब्बों की कीमत करीब 4.30 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस ने बरामद सामान को जब्ती पंचनामा के तहत अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने मामले में दिनेश रजक (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. वह मुढीपार-रवान, कोतवाली क्षेत्र का निवासी बताया गया है. पुलिस के अनुसार, दुकान पर नकली उत्पादों की बिक्री और उनसे जुड़े कारोबार में उसकी भूमिका सामने आने के बाद उसे हिरासत में लिया गया. आरोपी के खिलाफ भाटापारा ग्रामीण थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. फिलहाल मामले में जांच जारी है और पुलिस संभावित अन्य आरोपियों तथा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है.


