इंदिरा मार्केट के एसएसडी ट्रेडर्स से 18 हजार नकली गोल्ड फ्लैक जब्त, दो गिरफ्तार
दुर्ग- इंदिरा मार्केट स्थित एसएसडी ट्रेडर्स में ‘आईटीसी लिमिटेड’ के प्रीमियम ब्रांड ‘गोल्ड फ्लैक’ के नाम पर नकली सिगरेट बेचने वाले गिरोह का सिटी कोतवाली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने रेड मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लगभग 2.07 लाख रुपये मूल्य की 18,000 नकली सिगरेट जब्त की हैं.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अगस्त को आईटीसी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि एवं प्राइवेट आई इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट सॉल्यूशंस के फील्ड ऑफिसर ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया था कि इंदिरा मार्केट स्थित एसएसडी ट्रेडर्स में गोल्ड फ्लैक प्रीमियम के नाम और पैकेजिंग से मिलते-जुलते नकली उत्पाद बेचे जा रहे हैं. सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए. जांच के दौरान दुकान से 24 बंडलों में 12 हजार सिगरेट (कीमत 1.38 लाख) और 12 बंडलों में 6 हजार सिगरेट (कीमत 69 हजार) बरामद की गईं. बरामद किए गए सिगरेट पैकेटों पर 115 एमआरपी दर्ज थी और सभी पैकेटों पर एक ही क्यूआर कोड अंकित पाया गया. दोनों को गिरफ्तार पुलिस ने मामले में धारा 318(4) बीएनएस (BNS) और धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम 1957 के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है.
गिरफ्तार आरोपी
विशाल जसवानी (36 वर्ष), निवासी गुरुनानक नगर, दुर्ग
निखिल सिहानी (29 वर्ष), निवासी सदानी नगर, दुर्ग


