कौरिनभांठा स्थित सूने मकान में हुई ब्लाइंड चोरी का खुलासा
राजनांदगांव- शहर के कौरिनभांठा क्षेत्र में स्थित एक सूने मकान में हुई 2.48 लाख रुपये की ब्लाइंड चोरी का राजनांदगांव पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में अंतर्राज्यीय गिरोह के दो शातिर चोरों को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है. आरोपियों ने चोरी के सोने के जेवरों की पहचान छिपाने के लिए उन्हें गलाकर सोने का डल्ला बना दिया था.
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी उमाशंकर साहू, निवासी कौरिनभांठा, बजरंग वार्ड, राजनांदगांव द्वारा 18 जुलाई 2026 को थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वे अपनी पत्नी के साथ 13 जुलाई 2026 को नवा रायपुर स्थित अपनी पुत्री से मिलने गए थे. दिनांक 17 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 11ः30 बजे घर लौटने पर मुख्य गेट एवं चैनल गेट के ताले टूटे मिले. घर के भीतर अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था तथा उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के एवं नगद 80,000 सहित कुल लगभग 2.48 लाख मूल्य की संपत्ति अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे.
रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 339/2026 अंतर्गत धारा 331(4), 305 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया. पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में थाना बसंतपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई.
थाना प्रभारी बसंतपुर एवं साइबर थाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया. लगातार तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य संकलित करते हुए पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए, जिससे आरोपियों के राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते महाराष्ट्र भागने की पुष्टि हुई.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त पुलिस टीम तत्काल नागपुर (महाराष्ट्र) रवाना हुई. वहां संदेहियों रमाकांत उर्फ रामभाऊ एवं वाल्सल सातपुटे को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गई. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कौरिनभांठा स्थित सूने मकान में चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया.
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने चोरी किए गए सोने के आभूषणों को गलाकर सोने का डल्ला तैयार कर लिया था, ताकि पहचान छिपाई जा सके. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया मशरूका बरामद कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जायेगा जेल.
बरामद मशरूका
सोने को गलाकर बनाया गया डल्ला लगभग 35 ग्राम., चांदी की बिछिया, चांदी की 03 जोड़ी पायल, चांदी के 19 सिक्के, चांदी की एक अन्य जोड़ी बिछिया, अन्य चोरी गया मशरूका एवं नगदी.
गिरफ्तार आरोपी
- रमाकांत उर्फ रामभाऊ उम्र 28 वर्ष, निवासी फोकट नगर, थाना यशोधरा नगर, जिला नागपुर (महाराष्ट्र)
- वाल्सल पिता रविन्द्र सातपुटे उम्र 26 वर्ष, निवासी विनोबाभावे नगर, गली क्रमांक-01, थाना यशोधरा नगर, जिला नागपुर (महाराष्ट्र)

