शिवनाथ ऑटो मोबाइल शोरूम चोरी का खुलासा: मप्र का आरोपी गिरफ्तार, साथियों की तलाश जारी
राजनांदगांव- थाना लालबाग क्षेत्र स्थित ‘शिवनाथ ऑटो मोबाइल प्रा. लि.’ के शोरूम में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाने में एक अन्य चोरी के मामले में बंद आरोपी मंगल सिंह चौहान (30 वर्ष, निवासी जुनापानी, जिला खण्डवा, म.प्र.) को पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है.
जानकारी के अनुसार, घटना 13-14 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि की है, जबअज्ञात आरोपियों द्वारा पीछे की ओर से दीवार फांदकर प्रवेश कर कैश काउंटर का लॉक तोड़ते हुए गल्ले में रखी 9,000/- नगद राशि चोरी कर ली गई थी. इस संबंध में थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 294/2026 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही थी.
विवेचना के दौरान जिला बिलासपुर के थाना चकरभाठा के एक अन्य चोरी के प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी मंगल सिंह चौहान (30 वर्ष), निवासी जुनापानी, थाना किनौर, जिला खण्डवा (मध्यप्रदेश) की संलिप्तता उक्त चोरी में भी पाई गई. आरोपी को माननीय न्यायालय से प्राप्त प्रोडक्शन वारंट के आधार पर गिरफ्तार कर पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर शोरूम में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया. आरोपी ने बताया कि उसके अन्य साथी भी इस वारदात में शामिल थे तथा चोरी की गई राशि एवं घटना में प्रयुक्त वाहन उनके कब्जे में है. प्रकरण में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी की राशि की बरामदगी एवं घटना में प्रयुक्त वाहन की जब्ती हेतु विवेचना जारी है. आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.


