1000+ CCTV और AI की मदद से सुलझी सनसनीखेज लूट
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने अंतरराज्यीय खूंखार डकैत गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 12 लाख रुपये की अंधी और सनसनीखेज लूट की वारदात का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के 04 कुख्यात हथियारबंद बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी यह गिरोह उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में लूट, डकैती व चोरी की 100 से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 26 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया है. जब्त सामग्री में करीब एक लाख रुपये कीमत के चांदी के जेवर, 10,620 रुपये नकद, पिस्तौल, देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, धारदार तलवार, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे ग्राम रोहरा निवासी और दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी अपनी एक्टिवा से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे. इसी दौरान रोहरा हाईस्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. आरोपियों ने हमला कर उनका मोबाइल और स्कूटी की चाबी छीन ली तथा बैग में रखे करीब 13 किलो चांदी और 70 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये थी, लूटकर फरार हो गए. पीड़ित की शिकायत पर थाना भाटापारा ग्रामीण में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने तरेंगा, मारो, बेमेतरा, मुंगेली, तखतपुर, बिलासपुर और रतनपुर तक के रास्तों पर लगे 1000 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले. जांच के दौरान पुलिस ने AI आधारित वीडियो और डेटा एनालिटिक्स तकनीक का भी इस्तेमाल किया. अलग-अलग स्रोतों से मिले डेटा और वीडियो फुटेज के विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों और उनके संभावित रूट का पता लगाया गया. साइबर सेल की तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर चारों को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गिरोह ने इससे पहले भी बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में ज्वेलर्स संचालकों को निशाना बनाया था. आरोपियों की संलिप्तता 4 जुलाई 2022 को ग्राम रोहरा हाई स्कूल के पास महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक से सोने-चांदी के जेवर और नगदी लूटने की घटना में सामने आई है. इसके अलावा 5 सितंबर 2024 को भाटापारा मेनरोड स्थित ग्राम देवरीडीह तिराहा के पास आयुष ज्वेलर्स के संचालक से सोने-चांदी के आभूषण लूटने की वारदात में भी इनकी भूमिका बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर गिरोह के अन्य सदस्यों, संभावित नेटवर्क, आश्रयदाताओं और अन्य आपराधिक वारदातों में उनकी संलिप्तता को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे और खुलासे हो सकते हैं.
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- बबलू पाण्डेय उर्फ शत्रुहन, उम्र 48 वर्ष, ग्राम बेनीपुरपानी, थाना मऊ, जिला चित्रकूट (उ.प्र.)
- जयदीप गुप्ता, उम्र 43 वर्ष, थाना के पास गोविन्दगढ़, जिला रीवा (म.प्र.)
- जिआ उल हक, उम्र 42 वर्ष, बोधईपूर्वा, थाना कोतवाली देहात, जिला गोण्डा (उ.प्र.)
- गंगासागर पाण्डेय, उम्र 42 वर्ष, ग्राम बेनीपुरपानी, थाना मऊ, जिला चित्रकूट (उ.प्र.


