नगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए समर्पित भाव से करें कार्य- मंत्री नेताम

बलरामपुर- नगर पालिका परिषद बलरामपुर के नवनियुक्त एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह जिला मुख्यालय बाजारपारा स्थित ऑडिटोरियम भवन में आयोजित किया गया. कार्यक्रम में आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, कृषि एवं कृषक कल्याण, मछली पालन तथा पशुपालन मंत्री रामविचार नेताम एवं सरगुजा संसदीय क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज उपस्थित रहे. इस दौरान अतिथियों के द्वारा नवनियुक्त एल्डरमैनों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया.
समारोह में नवनियुक्त एल्डरमैन लाला लकड़ा, गोपाल मिश्रा, राजेश श्रीवास्तव, राजेश गुप्ता, मनोज गुप्ता तथा सीमा सोनी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर नगर के विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की.
इस अवसर पर मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि नगर के समग्र विकास में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. उन्होंने कहा कि सभी एल्डरमैन जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए पारदर्शिता, समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि बलरामपुर नगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जा सके.
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि एल्डरमैन का दायित्व केवल पद तक सीमित नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और विकास की जिम्मेदारी भी है. उन्होंने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनहित सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने से नगर की प्रगति को नई गति मिलेगी.
शपथ ग्रहण समारोह में रेड क्रॉस सोसायटी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष लोधी एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, संभागीय अध्यक्ष सहकारी बैंक रामकिशुन सिंह, गणमान्य नागरिक शिवनाथ यादव अन्य जनप्रतिनिधिगण, अपर कलेक्टर व एसडीएम अभिषेक गुप्ता, सीएमओ दीपक एक्का अन्य अधिकारी -कर्मचारी, नागरिक गण मौजूद रहे.
