फर्जी केंद्रीय अधिकारी बनकर लाखों की ठगी,आरोपी गिरफ्तार

ट्रेन की मुलाकात से शुरू हुआ ठगी का खेल
रायपुर- फर्जी केंद्रीय अधिकारी बनकर ट्रांसफर, पोस्टिंग और सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर छत्तीसगढ़- बिहार में लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना सिविल लाइन और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. आरोपी के कब्जे से फर्जी आईडी कार्ड, दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल, सिम कार्ड, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली कार भी जप्त कर ली गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी गुरु नारायण ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि लगभग दो वर्ष पूर्व ट्रेन में उसकी मुलाकात रजनीश कुमार राय से हुई थी. आरोपी ने स्वयं को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सहायक आयुक्त बताकर प्रार्थी से परिचय बढ़ाया. उसने अपनी ऊँची पहुँच का दावा करते हुए ट्रांसफर, पोस्टिंग एवं सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से पैसे लेने की बात कही तथा प्रार्थी को 5 लाख रूपये में मनचाही पदस्थापना कराने का प्रलोभन दिया. बाद में रजनीश कुमार द्वारा अलग-अलग पद एवं विभाग दर्शाने वाले संदिग्ध पहचान-पत्र दिखाने पर प्रार्थी को संदेह हुआ. प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी रजनीश कुमार के विरूद्ध थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 376/2026 धारा 318(2), 319(2), 336(3) 340 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर/मध्य जोन) स्मृतिक राजनाला द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आरोपी की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट, थाना सिविल लाइन एवं थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम का गठन कर प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की गई तथा आरोपी के संबंध में तकनीकी एवं अन्य जानकारी एकत्र की गई. लगातार प्रयासों के दौरान टीम ने आरोपी रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय की पतासाजी कर गिरफ्तार किया.
पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को भारत सरकार में सहायक आयुक्त बताकर फर्जी पहचान-पत्र का उपयोग करना स्वीकार किया. आरोपी लोगों के बीच स्वयं को प्रभावशाली केंद्रीय अधिकारी बताकर अपनी ऊँची पहुँच का दावा करता था तथा अपना ऐडिटेड फोटो दिखाकर लोगों का विश्वास जीतता था. इसके बाद वह सरकारी नौकरी, ट्रांसफर, पोस्टिंग एवं अन्य शासकीय कार्य कराने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी करता था.
आरोपी द्वारा छत्तीसगढ़ तथा बिहार के कई लोगों को अपने झांसे में लेकर नौकरी लगवाने के नाम से उनसे लाखों रूपये प्राप्त कर ठगी किया गया है. साथ ही आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि ठगी से प्राप्त रकम से उसने लैपटॉप, मोबाइल एवं अन्य सामग्री खरीदी थी.
आरोपी को गिरफ्तार कर उसके निशानदेही पर कब्जे से फर्जी पहचान-पत्र, दस्तावेज, मोबाइल फोन, लैपटॉप, तीन सिम कार्ड, फर्जी सिम, क्रेडिट कार्ड संबंधी दस्तावेज, नगद राशि तथा घटना में प्रयुक्त कार जप्त कर कार्यवाही की गई.
आरोपी का पुलिस रिमाण्ड लेकर उसके कब्जे से जप्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों एवं दस्तावेजों का परीक्षण एवं अवलोकन किया जा रहा है. आरोपी से गहन पूछताछ जारी है तथा पूछताछ के दौरान प्रकरण से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के उजागर होने की संभावना है.
गिरफ्तार आरोपी
रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय पिता राम निवास राय उम्र 29 साल निवासी राजपुर नौरंग रायकेडेरा थाना सिमरी जिला बक्सर बिहार. हाल पता – मारूति सेवन वंडर सिटी मकान नंबर 285/286 अमलेश्वर थाना अमलेश्वर जिला दुर्ग.
