बहू समेत 4 गिरफ्तार

जशपुर- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस घटना में पुलिस ने मृतक बुजुर्ग की बहू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश के कारण बहू ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर अपने 70 वर्षीय ससुर की मौत की साजिश रची थी.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को ग्राम बोड़ाजोर निवासी 70 वर्षीय चुगरू प्रधान अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए थे. उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम तथा डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया. जांच में सामने आया कि मृतक का अपनी बहू सुगंती बेसरा के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था.
रात के अंधेरे में दिया वारदात को अंजाम
विवाद के चलते बहू ने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई. पुलिस जांच के अनुसार, 3 और 4 जुलाई की दरमियानी रात आरोपी मोटरसाइकिल से मृतक के घर पहुंचे और दरवाजा खुलवाकर अंदर घुसे. इसके बाद उन्होंने पहले लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से बुजुर्ग पर हमला किया. फिर उनके हाथ-पैर बांध दिए गए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
दबोचे गए आरोपी
पुलिस ने तकनीकी जांच, मुखबिर सूचना और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में मृतक की बहू सुगंती बेसरा (36 वर्ष), साहिल उर्फ राजा खान (22 वर्ष), आनंद यादव (20 वर्ष) और रोहित सिंह (21 वर्ष) शामिल हैं. सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
