रहस्य और रोमांच की दुनिया से रूबरू कराती है अलौकिक कथाएं

भिलाई- शहर के लेखक एवं शिक्षाविद देवाशीष मुखर्जी की नई पुस्तक ‘अलौकिक कथाएं’ का विमोचन विगत दिनों भिलाई होटल में आयोजित समारोह में किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार, लेखक एवं पत्रकार शिवनाथ शुक्ल ने पुस्तक का लोकार्पण किया.
इस अवसर पर शिवनाथ शुक्ल ने कहा कि पुस्तक में ऐसी अनेक कथाओं को स्थान दिया गया है, जिनका संबंध लोकमान्यताओं, रहस्य और अलौकिक अनुभवों से है. उन्होंने कहा कि लेखक ने इन विषयों को रोचक एवं प्रभावशाली शैली में प्रस्तुत कर पाठकों को एक नया दृष्टिकोण देने का प्रयास किया है. शुक्ल ने कहा कि अलौकिक एवं पारलौकिक कथाएं यथार्थ, आदर्श और कल्पना के समन्वय के साथ पाठकों को चिंतन के नए आयाम प्रदान करती हैं. यह रहस्य, रोमांच और अलौकिक घटनाओं पर आधारित कहानियों का संग्रह है, जो पाठकों को कल्पना की एक अलग दुनिया से रूबरू कराती है. वर्तमान में शकुन्तला विद्यालय, रामनगर में अंग्रेजी विषय के व्याख्याता देवाशीष मुखर्जी लंबे समय से शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय हैं.
देवाशीष मुखर्जी ने बताया कि वे हिंदी, अंग्रेजी और बांग्ला भाषा में लंबे समय से लेखन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि पुस्तक में ऐसी घटनाओं और अनुभवों को कथाओं के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिन्हें लोग प्रत्यक्ष रूप से नहीं देख पाते, लेकिन महसूस करते हैं. उन्होंने बताया कि ‘अलौकिक कथाएं’ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है. विमोचन समारोह में कला, संस्कृति, पत्रकारिता एवं साहित्य जगत से जुड़े अनेक लोग उपस्थित थे.
