दुर्ग में ACB की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेता सहायक ग्रेड-2 रंगे हाथ गिरफ्तार

दुर्ग- एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) रायपुर की टीम ने गुरुवार को दुर्ग में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. टीम ने जल संसाधन विभाग के विद्युत यांत्रिकी विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 शिवकुमार ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. यह पूरी कार्रवाई ACB निरीक्षक सुरेश सोनी के नेतृत्व में पहुंची 15 सदस्यीय टीम ने की.

मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता नंद कुमार कामन्डे, जो विभाग में कैम्प अटेंडेंट के पद पर कार्यरत हैं, ने ACB से शिकायत की थी कि उनके जनरल प्रोविडेंट फंड (GPF) से 5 लाख की राशि जारी करने के एवज में सहायक ग्रेड-2 शिवकुमार ठाकुर 10 हजार की रिश्वत मांग रहे हैं. शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई. गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को टीम ने विभागीय कार्यालय में कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया. फिलहाल ACB की टीम आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
