महंगाई के खिलाफ सड़क पर उतरी कांग्रेस, चांदो चौक पर दहन हुआ मुख्यमंत्री का पुतला
नीतेश श्रीवास्तव/बलरामपुर- बिजली बिलों में हुई बढ़ोतरी को लेकर सियासत गरमाने लगी है. बलरामपुर जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष हरिहर यादव के नेतृत्व में बिजली विभाग के दफ्तर का घेराव किया. इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली.
आक्रोशित कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चांदो चौक पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया. कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है और बढ़े हुए बिजली बिलों से गरीब और मध्यम वर्ग बेहाल है.
जब कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बिजली ऑफिस का घेराव करने पहुंचे, तो वहां सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस बल के साथ उनकी धक्का-मुक्की हुई. इस दौरान मौके पर मौजूद टीआई (TI) भूपेंद्र साहू और कांग्रेसी नेताओं के बीच काफी देर तक तीखी बहस (कहा-सुनी) होती रही. हालांकि, पुलिस ने स्थिति को संभालने की पूरी कोशिश की.
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर यादव ने मीडिया से बात करते हुए सरकार को साफ चेतावनी दी. उन्होंने कहा भाजपा सरकार बिजली के दाम बढ़ाकर जनता का खून चूस रही है. अगर तुरंत बिजली बिलों में की गई बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया गया, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी. हम इस लड़ाई को जन-जन तक ले जाएंगे और आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा उग्र आंदोलन करेंगे.
