रास्ते में रोककर भाई को बनाया बंधक, फिर युवती से किया सामूहिक दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार
बलरामपुर- जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
जानकारी के अनुसार,पीड़िता रविवार को अपने फुफेरे भाई के साथ एक रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकली थी. इसी दौरान रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया. बताया जा रहा है कि जब पीड़िता और उसके भाई ने विरोध किया तो आरोपियों ने फुफेरे भाई के हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया. इसके बाद आरोपियों ने युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया.
घटना के बाद किसी तरह पीड़िता का भाई आरोपियों के चंगुल से छूटने में सफल रहा और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस द्वारा पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के साथ ही मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई. आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है. गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
मामले को लेकर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) रामावतार धुरु ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
