राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस रोककर लूटपाट करने वाले 4 शातिर आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो जब्त
बलरामपुर- राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस रोककर चालक और कंडक्टर के साथ मारपीट और लूटपाट करने वाले चार शातिर आरोपियों को बलरामपुर पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो वाहन को भी पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से जब्त कर लिया है.
क्या थी पूरी घटना?
जानकारी के अनुसार, 10 जून 2026 को दलधोवा घाट में शिव मंदिर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बदमाशों ने ‘मोती श्री’ बस को जबरन रुकवाया. इसके बाद बस के चालक और कंडक्टर के साथ जमकर मारपीट की गई और लूट की घटना को अंजाम देकर आरोपी अपनी बोलेरो गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही थाना बलरामपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 309(6), 310(2), 296, 115(2), और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी.
जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर भागे थे आरोपी
वारदात के तुरंत बाद बलरामपुर पुलिस ने सरहदी थानों में नाकाबंदी कर आरोपियों को घेरने का प्रयास किया था. हालांकि, उस वक्त रात के अंधेरे और आस-पास के घने जंगल का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) बलरामपुर ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर अलग-अलग जगहों से घेराबंदी कर इन चारों को हिरासत में लिया.
गिरफ्तार आरोपी
मुख्य आरोपी जितेन्द्र गुप्ता पिता स्व. शिवकुमार गुप्ता उम्र 30 वर्ष निवासी भवानीपुर थाना रामानुजगंज
प्रिंस कुमार दूबे पिता शशि भूषण दूबे उम्र 27 वर्ष निवासी तेतरडीह थाना रामानुजगंज
चचलेश मंडल उर्फ बिट्टू पिता चद्रशेखर मंडल उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम धनगांव थाना रामानुजगंज
दिनेश कुमार उर्फ निरहुआ पिता राजेंद्र रवि उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम नवाडीह चौकी तातापानी थाना रामानुजगज
