ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खिलाने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार, ALL PANNALE Exch एप से चल रहा था खेल
धमतरी- जिले में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरज सिंह परिहार के कड़े रुख के बाद धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर ऑनलाइन सट्टा खिला रहे एक सटोरिए को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी ‘ALL PANNALE Exch’ नामक ऑनलाइन लिंक और मोबाइल ऐप के जरिए क्रिकेट मैच पर हार-जीत का दांव लगवा रहा था.
पुलिस के अनुसार, एसपी सूरज सिंह परिहार ने समीक्षा बैठक में सभी थाना प्रभारियों को अवैध सट्टेबाजी पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और संलिप्त लोगों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. इसी तारतम्य में कोतवाली पुलिस जब गोल बाजार क्षेत्र में पेट्रोलिंग पर थी, तब उन्हें रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति द्वारा मोबाइल से सट्टा संचालित करने की सटीक सूचना मिली. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई तथा आरोपी को ऑनलाइन सट्टा खेलते एवं हार-जीत का दांव लगवाते रंगे हाथ पकड़ा गया.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ALL PANNALE Exch नामक ऑनलाइन लिंक एवं मोबाइल एप के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैच में हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खेल रहा था. आरोपी द्वारा ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए आईडी एवं पासवर्ड का उपयोग किया जा रहा था तथा मोबाइल एप के माध्यम से रुपए-पैसों का लेनदेन किया जा रहा था.
जांच के दौरान आरोपी द्वारा ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खेलने एवं रकम के लेनदेन हेतु उपयोग किए गए बैंकिंग एवं यूपीआई ट्रांजेक्शन संबंधी जानकारी भी प्राप्त हुई है.
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए संबंधित व्यक्ति के खाते में फोन-पे एवं यूपीआई माध्यम से कुल 49,990/- रुपये ट्रांसफर किए थे.
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से ऑनलाइन सट्टा संचालन में प्रयुक्त एक नग वन प्लस 11 मोबाइल फोन जप्त किया गया है, जिसमें जियो एवं एयरटेल कंपनी के सिम कार्ड लगे हुए थे. जप्त मोबाइल की अनुमानित कीमत लगभग 10,000/- रुपये आंकी गई है. साथ ही ऑनलाइन सट्टेबाजी में उपयोग किए जा रहे लिंक, आईडी, पासवर्ड, यूपीआई ट्रांजेक्शन एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जांच में शामिल कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है. आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में धारा 7(1) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
आरोपी का नाम
संदीप ओटवानी उर्फ जागरा पिता स्व. जोधाराम ओटवानी उम्र 40 वर्ष निवासी सिंधी धर्मशाला के सामने आमापारा धमतरी थाना सिटी कोतवाली जिला धमतरी (छ.ग.)
धमतरी पुलिस द्वारा जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं साइबर संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी.
