पुरानी रंजिश में विशाल की चाकू मारकर हत्या, 24 घंटे के भीतर 2 आरोपी और 1 नाबालिग गिरफ्तार
रायपुर- राजधानी रायपुर के थाना गंज क्षेत्र में हुई सनसनीखेज मर्डर मिस्ट्री को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. पुरानी रंजिश को लेकर विशाल बाघ उर्फ बिट्टू की चाकू मारकर हत्या करने वाले दो मुख्य आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक नाबालिग (अपचारी बालक) सहित कुल तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
रेलवे लाइन के पास मिला था लथपथ शव
जानकारी के मुताबिक, 21 मई 2026 को गंज थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि डब्लू.आर.एस. अंडरब्रिज के ऊपर वॉल्टियर रेलवे लाइन के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा है. एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट (ACCU) और गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. मृतक की पहचान जागृति नगर (खमतराई) निवासी विशाल बाघ उर्फ बिट्टू के रूप में हुई. शरीर पर धारदार हथियार के निशान देखकर पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या (अपराध क्रमांक 140/26 धारा 103(1) बी.एन.एस.) का मामला दर्ज किया.
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राईम एण्ड साईबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश गुप्ता ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए. पुलिस टीम ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया, तो पता चला कि देवेन्द्र नगर निवासी कुणाल दीप को घटना की रात अपने साथियों के साथ मृतक विशाल के साथ देखा गया था.
पुरानी रंजिश में उतारा मौत के घाट
पुलिस ने संदेही कुणाल दीप को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सारा सच उगल दिया. आरोपी कुणाल ने बताया कि उसका विशाल बाघ से पुराना विवाद चल रहा था. इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथी अरविन्द बाघ उर्फ आशी और एक नाबालिग दोस्त के साथ मिलकर विशाल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और उसे मौत के घाट उतार दिया.
बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में हत्या की धारा के साथ-साथ धारा 3(5) बी.एन.एस. और 25, 27 आर्म्स एक्ट जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई की है.
गिरफ्तार आरोपी
- अरविन्द बाघ उर्फ आशी पिता फोटू बाघ उम्र 20 साल निवासी जागृति नगर वॉल्टियर गेट थाना खमतराई रायपुर.
- कुणाल दीप पिता स्व. बिनोद दीप उम्र 19 साल निवासी काली नगर उत्कल थाना देवेन्द्र नगर रायपुर.
- विधि के साथ संघर्षरत 01 बालक.
