डोंगरगांव कॉलेज मैदान में मिला 14 हाईवा अवैध रेत, प्रशासन ने वापस शिवनाथ नदी में डलवाया
राजनांदगांव- जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है. कलेक्टर जितेन्द्र यादव के कड़े निर्देश पर राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने डोंगरगांव में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध रूप से भंडारित 14 हाईवा (10 चक्का) रेत को जब्त कर दोबारा शिवनाथ नदी में डलवा दिया है.
कॉलेज के खेल मैदान को बना दिया था डंपिंग यार्ड
जानकारी के अनुसार, राजस्व और खनिज विभाग की टीम ने शासकीय महाविद्यालय डोंगरगांव को आबंटित खसरा नंबर 488/2 (रकबा 2.473 हेक्टेयर) भूमि का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान सरस्वती शिशु मंदिर के पास स्थित कॉलेज परिसर के खेल मैदान में भारी मात्रा में रेत डंप पाई गई. मौके पर कुल 14 हाईवा रेत अवैध रूप से भंडारित कर रखी गई थी.
प्राचार्य को भी नहीं थी भनक
सरकारी जमीन और स्कूल-कॉलेज के पास इतने बड़े पैमाने पर रेत का खेल चल रहा था, लेकिन जिम्मेदार इससे पूरी तरह अनजान थे. टीम द्वारा कॉलेज के प्राचार्य और वहां मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ करने पर उन्होंने इस भंडारण के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया.
नदी की रेत वापस नदी में
जब अवैध रेत के मालिक का पता नहीं चला, तो प्रशासन ने सख्त और अनूठा कदम उठाया. अधिकारियों ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए पूरी 14 हाईवा रेत को शिवनाथ नदी के खुज्जी पुल के पास ले जाकर पुनः नदी में डाल दिया गया.
