शक्ति विहार भूमि विवाद पर विधायक ललित चंद्राकर ने रिसाली निगम आयुक्त को 7 दिनों के भीतर सीमांकन के दिए निर्देश

दुर्ग/रिसाली- नगर पालिक निगम रिसाली के वार्ड क्रमांक 28, शक्ति विहार में स्थित भूमि खसरा नंबर 1040/60, रकबा 1075 वर्गफीट की सीमाओं को लेकर कॉलोनीवासियों के मध्य उत्पन्न हुए विवाद को दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने गंभीरता से लिया है.
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि विगत कई दिनों से शक्ति विहार के रहवासी इस भूमि की सीमाओं को लेकर परेशान हैं. कॉलोनीवासियों द्वारा लगातार शिकायत प्राप्त हो रही थी कि सीमा स्पष्ट न होने के कारण आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है. जनता की इस समस्या का स्थाई समाधान आवश्यक है. नगर पालिक निगम रिसाली द्वारा इस संबंध में पूर्व में तहसील कार्यालय को पत्र प्रेषित किया गया था. परंतु जनता को त्वरित राहत देने के उद्देश्य से उन्होंने आज नगर पालिक निगम रिसाली के आयुक्त को आदेसित किया है कि निगम के राजस्व एवं भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम तत्काल गठित की जाए. यह टीम राजस्व अभिलेख एवं मौके की स्थिति का मिलान कर उक्त भूमि का शीघ्र अति शीघ्र सीमांकन करे तथा स्पष्ट सीमांकन प्रतिवेदन तैयार कर कॉलोनीवासियों एवं निगम कार्यालय को उपलब्ध कराए.
विधायक ने कहा कि सीमांकन के दौरान पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए तथा सभी पक्षों को सूचित कर मौके पर बुलाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद की गुंजाइश न रहे. निगम आयुक्त को निर्देशित किया गया है कि 7 दिवस के भीतर सीमांकन की कार्यवाही पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें. उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद एवं निगम अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे कॉलोनीवासियों से सतत संपर्क में रहें और सीमांकन कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें.
