छाल पुलिस ने ग्राम बेहरामार में 53 क्विंटल लोहे का सरिया की बरामद
जूटमिल पुलिस ने जप्त किया 24 टन कबाड़ से भरा ट्रक
रायगढ़- जिले में अवैध कारोबारियों और संपत्ति संबंधी अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अपनी कमर कस ली है. एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जूटमिल और छाल पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने अवैध कबाड़ और चोरी के संदेह में करीब 23 लाख रुपये से अधिक की सामग्री और वाहन जप्त कर दो आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है.
जूटमिल पुलिस ने जप्त किया 24 टन कबाड़ से भरा ट्रक
पहली बड़ी कार्रवाई जूटमिल थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर कबाड़ से लदे एक विशालकाय ट्रक को पकड़ा. जांच करने पर ट्रक में 24 टन अवैध कबाड़ भरा पाया गया, जिसके संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं किए गए. पुलिस ने कबाड़ सहित ट्रक को जप्त कर लिया है. इस मामले में आरोपी प्रमोद कुमार यादव (उम्र 26 वर्ष, निवासी समस्तीपुर, बिहार; हाल मुकाम भुवनेश्वर, ओडिशा) को गिरफ्तार किया गया है.
छाल पुलिस ने ग्राम बेहरामार में दी दबिश, 53 क्विंटल सरिया बरामद
वहीं दूसरी तरफ, छाल थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बेहरामार में दबिश दी. पुलिस ने यहां से 53 क्विंटल (5300 किलोग्राम) लोहे का सरिया बरामद किया. यह सामग्री भी पूरी तरह संदिग्ध और चोरी की होने के अंदेशे में जप्त की गई. मौके से आरोपी भोजराम पटेल (उम्र 38 वर्ष, निवासी बेहरामार) को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की गई है.
पुलिस ने दोनों मामलों में जप्त की गई संपत्ति को चोरी की आशंका (संदिग्ध सामग्री) के तहत दर्ज कर अनावेदकों के खिलाफ वैधानिक धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया है. पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है.
गिरफ्तार
(1) प्रमोद कुमार यादव पिता उपेंद्र यादव उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम राहटी थाना हसनपुर जिला समस्तीपुर बिहार, हाल मुकाम लक्ष्मी सागर चौक थाना लक्ष्मी सागर जिला भुवनेश्वर ओडिशा
(2) भोजराम पटेल पिता विद्यानंद पटेल उम्र 38 वर्ष निवासी बेहरामार थाना छाल
