पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार, बाइक और फोन बरामद
रायपुर- धरमलाल कौशिक से मोबाइल छीनकर फरार होने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने घटना के महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है.
जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को धरमलाल कौशिक सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे. सुबह लगभग 7:15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवक उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्राइम ब्रांच एवं विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया. पुलिस ने घटनास्थल एवं संभावित मार्गों के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. साथ ही तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की लगातार तलाश की गई.
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों में आरोपी मणिकांत ध्रुव को हिरासत में ले लिया. आरोपी की उम्र लगभग 19 वर्ष बताई गई है. वह मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत राजीव नगर में रह रहा था. पुलिस के अनुसार आरोपी कभी-कभी रैपिडो चलाने का कार्य भी करता है.
