विवाद के बाद सनकी भाई ने सो रही सगी बहन पर कैंची से किया जानलेवा हमला, मौत
बालोद- रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक घटना बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र से सामने आई है. ग्राम परसली में एक सनकी भाई ने घर में सो रही अपनी ही सगी बहन पर कैंची से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. मृतका की पहचान तनीषा सोनकर के रूप में हुई है. इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
दोपहर में हुआ था विवाद, पुलिस के समझाने पर वापस लिया था आवेदन
मिली जानकारी के अनुसार, भाई-बहन के बीच विवाद की शुरुआत शुक्रवार दोपहर को ही हो गई थी. तनीषा सोनकर ने अपने भाई पोषण सोनकर पर मारपीट का आरोप लगाते हुए देवरी थाने में एक लिखित आवेदन दिया था. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए देवरी पुलिस तुरंत उनके घर पहुंची और भाई को कड़ी समझाइश दी. पुलिस की समझाइश और पारिवारिक माहौल को देखते हुए तनीषा ने थाने से अपना आवेदन वापस ले लिया था.
सोते समय गले पर किया कैंची से वार
थाने का मामला शांत होने के बाद जब तनीषा घर में सो रही थी, तभी आरोपी भाई पोषण सोनकर के सिर पर खून सवार हो गया. उसने सो रही तनीषा के गले पर धारदार कैंची से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. लहूलुहान और गंभीर हालत में युवती को तुरंत देवरी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर कर दिया. लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया.
आरोपी भाई गिरफ्तार, जांच जारी
सगी बहन पर जानलेवा हमले की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही समय के भीतर आरोपी भाई पोषण सोनकर को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस द्वारा हत्या के सटीक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.
