आरोपियों की ब्लैक मनी नेटवर्क का रायगढ़ पुलिस ने खोली संगठित सट्टा गिरोह की पूरी काली किताब
रायगढ़- रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और उससे जुड़े हवाला एवं ब्लैक मनी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों करण चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार किया है.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आईपीएल क्रिकेट सट्टे के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध लेनदेन किया जा रहा था. आरोपियों द्वारा सट्टे की काली कमाई को हवाला नेटवर्क के माध्यम से व्हाइट मनी में बदलने का संगठित कारोबार संचालित किया जा रहा था.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, एक नोट गिनने की मशीन, चार मोबाइल फोन और वित्तीय लेनदेन से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए. जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपये बताई गई है. पुलिस के अनुसार आरोपियों के वित्तीय लेनदेन और मनी ट्रेल की जांच में कई अहम सुराग मिले हैं, जिससे सट्टा और हवाला नेटवर्क की पूरी काली कमाई का खुलासा हुआ है. मामले में जुआ प्रतिषेध अधिनियम सहित संगठित आर्थिक अपराध की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में सट्टा, हवाला, ब्लैक मनी और संगठित अपराध से जुड़े हर नेटवर्क पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि आर्थिक अपराध करने वालों के लिए जिले में अब कोई जगह नहीं है.
