रकम दोगुनी करने का झांसा देकर बुजुर्ग महिला को लगाया लाखों का चूना, धोखाधड़ीबाज गिरफ्तार
राजनांदगांव- लालबाग पुलिस ने बुजुर्ग महिला से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. आरोपी ने निवेश और बीमा योजना के नाम पर महिला को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 5 लाख 42 हजार रुपये ठग लिए थे.
जानकारी के अनुसार, थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 165/2026 के तहत धारा 420, 467 और 468 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया. प्रार्थिया फगनी बाई साहू (65 वर्ष) निवासी चमारराय टोलागांव ने शिकायत दर्ज कराई कि महेश राम वर्मा निवासी मोतीपुर तालाब के पास, वार्ड क्रमांक 02, थाना कोतवाली, राजनांदगांव ने स्वयं को निवेश एवं बीमा कार्य से जुड़ा बताकर उनसे विभिन्न किश्तों में रकम ली.
आरोपी ने वर्ष 2014, 2022 और 2023 के दौरान कुल 5,42,000 रुपये निवेश कराने के नाम पर प्राप्त किए और कम समय में रकम दोगुनी कर लौटाने का भरोसा दिलाया. विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने कई बांड पेपर और दस्तावेज भी दिए.
विवेचना के दौरान पुलिस पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थिया से राशि लेना स्वीकार किया. जांच में आरोपी द्वारा फर्जी दस्तावेज और प्रमाण पत्र के जरिए धोखाधड़ी करना भी सामने आया. पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी महेश राम वर्मा को गिरफ्तार कर 7 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी
महेश राम वर्मा पिता लिखन राम वर्मा उम्र 49 वर्ष निवासी मोतीपुर तालाब के पास वार्ड क्रमांक 02 थाना कोतवाली जिला राजनांदगांव, छत्तीसगढ़
