फर्जी माईनिंग अधिकारी बनकर अवैध वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, महिला समेत 3 गिरफ्तार
राजनांदगांव- डोंगरगांव पुलिस ने फर्जी माइनिंग अधिकारी बनकर ट्रांसपोर्टर से अवैध वसूली करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्विफ्ट कार क्रमांक CG 04 PN 1413 भी जब्त की है.
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामसिंह राजपूत निवासी ग्राम दर्री ने थाना डोंगरगांव में शिकायत दर्ज कराई कि वह ट्रांसपोर्टिंग एवं जेसीबी कार्य का व्यवसाय करता है. ग्राम आमगांव में किसान यशवंत साहू के खेत में मिट्टी समतलीकरण और खेत मरम्मत का कार्य चल रहा था. इसी दौरान दोपहर करीब 2:58 बजे स्विफ्ट कार में सवार तीन लोग मौके पर पहुंचे.
आरोपियों की पहचान रवि शर्मा, रेहाना बेगम और शेख अरमान के रूप में हुई है. तीनों ने खुद को माइनिंग विभाग का अधिकारी बताते हुए प्रार्थी और उसके ड्राइवर तनुज कुमार को अवैध खनन का आरोप लगाकर डराया-धमकाया. साथ ही कार्रवाई और बदनाम करने की धमकी देकर 10 हजार रुपये की मांग की.
डर के कारण प्रार्थी ने आरोपियों के मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन माध्यम से 6 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए. घटना की सूचना मिलते ही थाना डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुमरदा पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया. पूछताछ में रेहाना बेगम ने खुद को पत्रकार बताया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 204, 308(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया.
