महंगाई को लेकर कांग्रेस का हमला, केंद्र सरकार पर कुप्रबंधन के आरोप
राजनांदगांव- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में केंद्र की मोदी सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलता का आरोप लगाते हुए कहा कि इन कारणों से देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हाल ही में कमर्शियल गैस के दामों में 195 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जबकि इससे पहले भी तीन महीनों में 525 रुपये तक की वृद्धि हो चुकी थी.
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा हुआ है और आम जनता पर इसका सीधा असर पड़ रहा है. पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा गया कि अलग-अलग राज्यों में लगातार दाम बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर बोझ बढ़ा है.
प्रेस वार्ता में यह भी कहा गया कि खाद्य तेल, दूध, राशन सामग्री सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम तेजी से बढ़े हैं, जिससे आम आदमी का बजट बिगड़ गया है. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि रसोई गैस सिलेंडर, जो पहले 400 रुपये में मिलता था, अब 900 से 1000 रुपये तक पहुंच गया है.
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता का जीवन स्तर प्रभावित हुआ है और सरकार की नीतियों से आर्थिक असमानता बढ़ रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश के संसाधनों पर कुछ पूंजीपतियों का एकाधिकार बढ़ रहा है, जबकि आम जनता महंगाई से जूझ रही है. महंगाई आम जनता के लिए भाजपा निर्मित आपदा बन चुकी है, रेलवे की टिकट से लेकर स्कूल, कॉलेजो की फीस तक कई गुना बढ़ चुका है. कांग्रेस ने केंद्र सरकार से महंगाई पर नियंत्रण करने और आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.
प्रेसवार्ता में विपिन यादव अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी, जिला उपाध्यक्ष रमेश डाकलिया, प्रवक्ता अनीस खान, पूर्व एल्डरमेन हेमू सोनी, महामंत्री धनेश पाटिला, प्रदेश महामंत्री थानेश्वर पाटिला, महामंत्री राहुल तिवारी, किशन खंडेलवाल, कमलजीत, अमित अग्रवाल उपस्थित रहे.
